गंगनहर में अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़, 6 तमंचे और हथियार बनाने के उपकरण बरामद

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, रुड़की। जनपद में अपराध पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली गंगनहर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध असलहा बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 6 अवैध तमंचे, एक अधबनी पिस्टल, एक अधबनी 22 बोर राइफल समेत भारी मात्रा में हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। इस दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।


जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर अपराध की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और पुलिस उपाधीक्षक रुड़की के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली गंगनहर मनी भूषण श्रीवास्तव ने एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया।

गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 15 मार्च 2026 को सुनहरा सलेमपुर रोड स्थित जेपीएस टोटल सोल्यूशन वर्कशॉप में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने अवैध असलहा बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए आरोपी जावेद को मौके से हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी जावेद पुत्र ताहिर अहमद निवासी शक्ति मोहल्ला, रुड़की थाना सिविल लाइन्स ने बताया कि उसका पुश्तैनी काम खराद (मशीन वर्क) का है। अपने इसी हुनर का फायदा उठाते हुए वह वर्कशॉप में मशीनों के जरिए डाई (फॉर्मा) तैयार कर अवैध तमंचे और पिस्टल बनाता था। आरोपी लालच में आकर अवैध हथियार तैयार कर उन्हें बेचने की योजना बना रहा था।
पुलिस ने मौके से 6 अवैध तमंचे, एक अधबनी पिस्टल, एक अधबनी .22 बोर राइफल, .22 बोर की मैगजीन, 38 खोखा कारतूस, कई जिंदा कारतूस और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले पाइप व अन्य उपकरण बरामद किए हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है और उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में अवैध हथियारों की आपूर्ति पर रोक लगने की उम्मीद है।

You cannot copy content of this page