खबर का असर: कुंभ 2027 की तैयारियों पर सवालों के बीच मेला प्रशासन की सफाई, ज्वालापुर से पतंजलि तक हाईवे पर जल्द जगमगाएंगी स्ट्रीट लाइटें: अपर मेला अधिकारी

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। कुंभ 2027 की तैयारियों को लेकर ज्वालापुर से पतंजलि तक हाईवे पर अंधेरे की स्थिति संबंधी खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन ने अपनी स्थिति स्पष्ट की है। अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती ने कहा कि संबंधित मार्ग पर पूर्व में नियमानुसार केवल आबादी क्षेत्र में ही स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था थी, जबकि शेष हिस्से में लाइटिंग का प्रावधान नहीं था।

उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष मेला प्रशासन की ओर से पूरे सेक्शन में समुचित प्रकाश व्यवस्था के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। प्रस्ताव के अनुमोदन के बाद अब कोर कॉलेज से ज्वालापुर तक संपूर्ण हाईवे पर स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इसके साथ ही सभी प्रमुख जंक्शनों पर हाई मास्ट लाइट स्थापित की जाएगी।
अपर मेला अधिकारी के अनुसार, संबंधित कार्य के लिए ठेकेदार की नियुक्ति भी कर दी गई है और जुलाई-अगस्त तक यह कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले महीनों में कार्य धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगेगा।
कुंभ 2027 को देखते हुए यह मार्ग अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि ज्वालापुर से पतंजलि तक का हाईवे श्रद्धालुओं और वाहनों की आवाजाही का प्रमुख रूट रहेगा। ऐसे में प्रकाश व्यवस्था को लेकर उठे सवालों के बीच प्रशासन की यह सफाई और आश्वासन तैयारियों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

You cannot copy content of this page