क्राइम मीटिंग में कानून व्यवस्था, साइबर क्राइम और नशा उन्मूलन पर सख्त निर्देश, पुलिसकर्मियों समेत होमगार्डो को दिया सम्मान

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, कोटद्वार। सर्वेश पंवार की अध्यक्षता में शुक्रवार को पुलिस लाइन पौड़ी में फरवरी माह की मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जनपद की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, सार्वजनिक सुरक्षा और पुलिसिंग की गुणवत्ता को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी और शाखा प्रभारी मौजूद रहे।

गोष्ठी में एसएसपी ने थानावार अपराध विश्लेषण के आधार पर लंबित विवेचनाओं के शीघ्र, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही गिरफ्तारी प्रतिशत बढ़ाने पर जोर देते हुए महिला और बाल सुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई अपनाने को कहा।
साइबर अपराधों को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारियों और साइबर सेल को निर्देशित किया गया कि हर शिकायत पर तत्काल तकनीक आधारित कार्रवाई हो। डिजिटल साक्ष्य जुटाने, बैंक खातों के विश्लेषण, मोबाइल नंबर और आईपी एड्रेस की जांच के साथ संदिग्ध लेन-देन पर नजर रखने को कहा गया। संबंधित बैंकों और एजेंसियों से समन्वय कर पीड़ितों की रकम जल्द फ्रीज कराने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
नशा उन्मूलन अभियान को प्रभावी बनाने के लिए एसएसपी ने कहा कि कार्रवाई केवल छोटे तस्करों तक सीमित न रहकर पूरी सप्लाई चेन—मुख्य सप्लायर, ट्रांसपोर्टर और फाइनेंसर—तक पहुंचनी चाहिए। ड्रग्स हॉटस्पॉट चिन्हित कर वहां नियमित चेकिंग और सघन गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
महिला और बच्चों से जुड़े अपराधों पर “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाने के निर्देश दिए गए। हर मामले में तत्काल एफआईआर, त्वरित कार्रवाई और समयबद्ध विवेचना सुनिश्चित करने के साथ पीड़ितों के प्रति संवेदनशील व्यवहार पर जोर दिया गया। गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश में सीसीटीवी, सर्विलांस और डिजिटल ट्रैकिंग के प्रभावी उपयोग के निर्देश भी दिए गए।
ड्रंक एंड ड्राइव के मामलों में अपेक्षित कार्रवाई न होने पर कुछ थाना प्रभारियों को फटकार लगाई गई। ओवरस्पीडिंग, स्टंटबाजी और ओवरलोडिंग के खिलाफ सघन अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित करने और खुफिया तंत्र को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
नवरात्रि और आगामी ईद के मद्देनजर सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों और संभ्रांत व्यक्तियों के साथ समन्वय बढ़ाने और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए सुरक्षा, ट्रैफिक मैनेजमेंट, भीड़ नियंत्रण और पार्किंग व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया गया। सीसीटीवी और अन्य तकनीकी संसाधनों के उपयोग से निगरानी बढ़ाने और रूट डायवर्जन प्लान पहले से तैयार रखने के निर्देश दिए गए।

जनवरी माह में जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 15 पुलिस कार्मिकों उपनिरीक्षक हेमकांत सेमवाल,उपनिरीक्षक नवीन पुरोहित, अपर उपनिरीक मनोज रमोला, मुख्य आरक्षी सुमन लाल, मुख्य आरक्षी उत्तम सिहं, मुख्य आरक्षी रविन्द्र भोज, मुख्य आरक्षी टीपी शेर सिंह, मुख्य आरक्षी दूरसंचार सचिन नेगी, आरक्षी कपिल कुमार, आरक्षी नवाब हैदर, आरक्षी राजेश स्वामी, आरक्षी चन्द्रपाल, फायर मैन भूपेश धामी, होमगार्ड कुलदीप, होमगार्ड दिवाकर को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार की ओर से प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज ठाकुर, अपर पुलिस अधीक्षक संचार अनूप काला, अभियोजन अधिकारी राजीव डोभाल, क्षेत्राधिकारी श्रीनगर अनुज कुमार, क्षेत्राधिकारी कोटद्वार निहारिका सेमवाल, सीएफओ राजेंद्र खाती सहित समस्त थाना और शाखा प्रभारी मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page