दुष्कर्म के दोनों आरोपित पौड़ी पुलिस की गिरफ्त में

ख़बर शेयर करें -

दुष्कर्म के दोनों आरोपित पुलिस की गिरफ्त में
– बीते 20 मार्च को पौड़ी तहसील क्षेत्र के एक गांव में दलित युवती के साथ हुई थी घटना
– घटना के बाद दोनों आरोपित हो गए थे फरार
– राजस्व पुलिस ने रेगुलर पुलिस को किया था मामला स्थानांतरित

पौड़ी। दलित युवती से दुष्कर्म के दोनों आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित घटना के बाद से ही फरार चल रहे थे। उक्त मामला राजस्व पुलिस से रेगुलर पुलिस को स्थानांतरित किया गया था। आरोपितों की गिरफ्तारी न होने पर विभिन्न सामाजिक संगठनों ने आंदोलन की चेतावनी भी दी थी।   
    बीते 20 मार्च को तहसील क्षेत्र के एक गांव में दो युवकों ने एससी युवती से दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था। पीड़िता ने उक्त दोनों आरोपितों के खिलाफ राजस्व पुलिस में नामजद शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत दर्ज कराने पर आरोपितों के स्वजनों ने पीड़िता को घर बुलाकर जमकर पीटा भी था। बाद में यह मामला रेगुलर पुलिस को स्थानांतरित कर दिया गया था। पीड़िता की मेडिकल रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। एसएसपी पी रेणुका देवी ने मामले की विवेचना सीओ सदर पीएल टम्टा को सौंपी थी। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तीन टीमें गठित की थी। आरोपितों में एक युवक सेना का जवान है। सीओ सदर पीएल टम्टा ने बताया कि शनिवार देर शाम दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपित सेना के जवान को सेना की पिथौरागढ़ यूनिट से तथा दूसरे आरोपित को बुआखाल के समीप से गिरफ्तार कर लिया गया है। सेना का जवान घटना के बाद पिथौरागढ़ व दूसरा आरोपित दिल्ली फरार हो गया था। दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

You cannot copy content of this page