पौड़ी जिले में दर्दनाक हादसा: ट्रक की चपेट में आकर दारोगा के बेटे की मौत

खबर डोज, कोटद्वार। दुगड्डा क्षेत्र में मस्जिद के पास सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दरोगा के सात वर्षीय बालक की ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस के अनुसार अभिन्दन गिरी (उम्र 7 वर्ष) पुत्र रविकांत गिरी, मूल निवासी बगढर, थाना धनारी, जिला संभल (उत्तर प्रदेश), वर्तमान में दुगड्डा में अपने दादा-दादी के साथ रह रहा था। शाम करीब 6 बजे वह सड़क पार कर रहा था, तभी एक ट्रक की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक के पिता रविकांत गिरी सहारनपुर जनपद के थाना गागलहेड़ी में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात हैं। बालक यहां अपने दादा के साथ रहकर पढ़ाई कर रहा था। उसके दादा स्थानीय जूनियर हाई स्कूल (सेंधीखाल क्षेत्र) में अध्यापक हैं और वर्ष 1991 से दुगड्डा में निवास कर रहे हैं। परिवार पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष भावना चौहान के मकान में किराए पर रह रहा है। परिवार में दादा अभिनंदन गिरी, दादी मिथिलेश गिरी और बुआ सुषमा गिरी शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चालक वीरेंद्र सिंह पुत्र दौलत सिंह निवासी झूला बस्ती, गाड़ी घाट, कोटद्वार को हिरासत में ले लिया। ट्रक को सीज कर दिया गया है। पुलिस द्वारा पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है तथा घटना के संबंध में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है।
इस हृदयविदारक घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता व्याप्त है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







