कॉरिडोर योजना के विरोध में उतरे प्रदेशभर के व्यापारी, व्यापार मंडल अध्यक्ष कोटद्वार को हरिद्वार में मिला सम्मान




-शुक्रवार को निष्काम सेवा ट्रस्ट में बैठक कर व्यापारियों ने बनाई रणनीति, कई मुद्दों पर की चर्चा
हरिद्वार। प्रस्तावित कॉरिडोर योजना में जाह्नवी मार्केट, बस अड्डा स्थानांतरण करने की योजना के विरोध में प्रदेश के व्यापारियों ने हुंकार भरी है। इसको लेकर व्यापारियों ने निष्काम सेवा ट्रस्ट में बड़ी बैठक आयोजित कर रणनीति बनाई। इस बैठक में प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल की प्रदेश कार्यकारिणी भी शामिल हुई।

व्यापारी नेताओं ने कॉरिडोर योजना के चलते बाजार हटाने और बस स्टेशन शिफ्ट करने का विरोध जताया साथ ही अन्य कई मामलों पर भी चर्चा की। इसके अलावा नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्रवीण भाटिया समेत पौड़ी जिले के पदाधिकारियों को सम्मानित भी किया गया।

प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रदेश अध्यक्ष नवीन चंद्र वर्मा ने कहा कि पूरे प्रदेश के व्यापारी हरिद्वार के व्यापारियों के साथ हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से अगर कॉरिडोर योजना में व्यापारियों का नुकसान करने का प्रयास किया गया तो पूरे प्रदेश के व्यापारी आंदोलन में आगे आएंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार को समझना चाहिए कि व्यापारियों का नुकसान न हो उनसे मिलकर सब कार्य किए जाए।
बैठक में उत्तराखंड के समस्त जिलों से भी प्रतिनिधि शामिल हुए। इसमें हरिद्वार शहर के युवा व्यापारियों की टीम भी मौजूद रही। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री प्रकाश चंद्र मिश्रा और जिला महामंत्री प्रदीप कालरा ने संयुक्त रूप से किया। हरिद्वार व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष संजीव नैय्यर ने कहा कि ऑनलाइन व्यापार से हरिद्वार के सभी व्यापारी प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज घर-घर में ऑनलाइन शॉपिंग से कारोबार ठप हो रहा हैं। प्रदेश के
सभी व्यापारियों ने कई मामलों में चिंता व्यक्त की।
इस दौरान निष्क्रिय चल रही नगर इकाइयों का पूरे प्रदेश में गठन करने, जिला देहरादून का गठन कर जिला अध्यक्ष की घोषणा करने और इसके अलावा पूरे प्रदेश से आए व्यापारी-प्रतिनिधियों की समस्याओं पर भी रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कैलाश केसवानी, व्यापार मंडल के संरक्षक और हरिद्वार मेयर प्रतिनिधि सुभाष चंद जैसल, जिला प्रभारी विजय शर्मा, शहर अध्यक्ष राजीव पराशर, महामंत्री अमन शर्मा, राम अरोड़ा, विपिन गुप्ता, विकी तनेजा, अर्पित अग्रवाल, सूर्यकांत अग्रवाल, संदीप शर्मा, माधव बेदी, सुरेश गुलाटी, रवि ढींगरा, राजन सेठ, कमल बृजवासी, राजेश पुरी, मनोज सिंघल, नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्रवीण भाटिया, प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल पौड़ी के जिला महामंत्री लाजपत राय भाटिया, सेवकराम मानूजा, विवेक अग्रवाल, आदि मौजूद रहे।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें