कोटद्वार कोतवाल की गाड़ी का शीशा फोड़ने और पुलिस टीम पर हमला करने वाले दोनों सगे भाई गिरफ्तार, देखिए वीडियो

खबर डोज, कोटद्वार। आम पड़ाव क्षेत्र में सड़क पर डीजे लगाकर उत्पात मचाने, पुलिस टीम पर हमला करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में फरार चल रहे दूसरे अभियुक्त को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले एक आरोपी को मौके से ही पकड़ लिया गया था।
पुलिस के अनुसार 21 मार्च 2026 की रात गश्त के दौरान सूचना मिली कि आम पड़ाव क्षेत्र में कुछ युवक तेज आवाज में डीजे बजाकर हंगामा कर रहे हैं, जिससे आमजन को परेशानी हो रही है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने युवकों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान मोहम्मद शाहिद और मोहम्मद आकिब उर्फ गबरू पुलिस टीम से उलझ गए।
आरोप है कि दोनों युवकों ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए उन पर हमला कर दिया और सरकारी वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मोहम्मद शाहिद को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि मोहम्मद आकिब उर्फ गबरू अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया था।
फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही थी। संभावित ठिकानों पर तलाश के बाद पुलिस ने मोहम्मद आकिब उर्फ गबरू को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
गिरफ्तार अभियुक्त मोहम्मद आकिब उर्फ गबरू पुत्र मोहम्मद कलवा निवासी आम पड़ाव, कोटद्वार जनपद पौड़ी का रहने वाला है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक विनोद चपराना, कांस्टेबल कुलदीप और हेड कांस्टेबल करण यादव शामिल रहे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें








