लो जी अब उत्तराखंड में शिक्षक के घर AK-47 समेत मिला हथियारों का जखीरा, पुलिस ने इलाके में बढ़ाई सख्ती
खबर डोज, हल्द्वानी। हल्द्वानी के बनभूलपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पूर्व शिक्षक के घर से अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। मुखबिर की सूचना पर गौजाजाली उत्तर स्थित आयशा मस्जिद के पास एक मकान में छापेमारी की गई। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार मौके से 315 बोर का एक देशी तमंचा व दो कारतूस, 12 बोर का एक देशी तमंचा व चार कारतूस, 7.62 एमएम का एक AK-47 कारतूस तथा 7.65 एमएम के दस जिंदा कारतूस बरामद किए गए। आरोपी मोबिन खान को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया।
यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब बनभूलपुरा रेलवे भूमि विवाद मामले में 24 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई प्रस्तावित है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है।
गिरफ्तार आरोपी पूर्व में पॉक्सो एक्ट के एक मामले में जेल जा चुका है, जिसके चलते उसे नैनीताल जिले के एक सरकारी स्कूल से शिक्षक पद से बर्खास्त किया गया था। हाल ही में जेल से रिहा होकर वह घर लौटा था। परिजनों के अनुसार वह अक्सर हथियार दिखाकर परिवार को धमकाता था और उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं बताई जा रही है।
छापेमारी के दौरान आरोपी ने आत्महत्या का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने समय रहते उसे काबू में कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 तथा 7/25(1क) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि प्रतिबंधित AK-47 कारतूस आरोपी के पास कहां से आया और उसका क्या उद्देश्य था।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







