हरिद्वार पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, निरीक्षक मणिभूषण श्रीवास्तव बने गंगनहर प्रभारी, 15 निरीक्षक और उपनिरीक्षकों के तबादले

खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार द्वारा जारी आदेश के तहत 15 निरीक्षक और उपनिरीक्षक (नापु) को तत्काल प्रभाव से उनके नाम के सम्मुख अंकित स्थानों पर स्थानांतरित किया गया है। यह फेरबदल पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने, कानून व्यवस्था को मजबूत करने तथा प्रशासनिक संतुलन के उद्देश्य से किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक प्रवीन कोश्यारी को पुलिस लाइन से प्रभारी निरीक्षक कोतवाली लक्सर बनाया गया है, जबकि निरीक्षक राजीव रौथाण को कोतवाली लक्सर से प्रभारी निरीक्षक कोतवाली भगवानपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। निरीक्षक मणिभूषण श्रीवास्तव को पुलिस कार्यालय से कोतवाली गंगनहर का प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं निरीक्षक मनोहर भंडारी को कोतवाली गंगनहर से थाना श्यामपुर भेजा गया है।

निरीक्षक शांति कुमार को कोतवाली रानीपुर से पुलिस कार्यालय स्थानांतरित किया गया है। निरीक्षक मनीष उपाध्याय को कोतवाली रुड़की से वाचक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार कार्यालय में तैनाती दी गई है। निरीक्षक प्रदीप बिष्ट को सीआईयू रुड़की से पुनः कोतवाली रुड़की का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। निरीक्षक देवेंद्र सिंह रावत को वाचक एसएसपी कार्यालय से थाना कनखल का प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है।
उपनिरीक्षक मनोज शर्मा को थाना श्यामपुर से पुलिस कार्यालय भेजा गया है। निरीक्षक दिगपाल कोहली को पीआरओ कार्यालय से थाना खानपुर का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। उपनिरीक्षक धर्मेंद्र राठी को थाना खानपुर से पुलिस कार्यालय भेजा गया है। निरीक्षक विजय सिंह को सीसीटीएनएस सेल से थाना बहादराबाद का प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है।
उपनिरीक्षक अंकुर शर्मा को थाना बहादराबाद से चौकी प्रभारी भगवानपुर बनाया गया है। उपनिरीक्षक मनोहर सिंह रावत को थाना कनखल से स्थानांतरित किया गया है। वहीं निरीक्षक आशुतोष राणा को फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन एंड क्राइम सेल से प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीपुर नियुक्त किया गया है।
आदेश में सभी स्थानांतरित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे तत्काल अपने नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण कर अनुपालन रिपोर्ट कार्यालय को प्रेषित करना सुनिश्चित करें। पुलिस विभाग का मानना है कि इस प्रशासनिक बदलाव से जिले में कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलेगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







