ललतारौ पुल पर भीषण आग, सात दुकानें जलकर राख, लाखों का नुकसान, देखिए वीडियो

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार में नए साल की शुरुआत एक दर्दनाक हादसे के साथ हुई। कल देर रात ललिता रौ पुल पर स्थित अस्थायी दुकानों में अचानक आग लगने से लगभग सात दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। आग की इस घटना ने स्थानीय दुकानदारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात लगभग एक से डेढ़ बजे के बीच ललिता रौ पुल पर स्थित एक दुकान में अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते उसने आसपास की अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही कोतवाली हरिद्वार पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। हालांकि रेलवे रोड (मुख्य मार्ग) पर सीवर कार्य चलने के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को फायर स्टेशन से शंकराचार्य चौक और चंडी चौक होते हुए वैकल्पिक मार्ग से आना पड़ा, जिससे करीब एक घंटे की देरी हो गई। जब तक फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं, तब तक सभी दुकानें पूरी तरह धू-धू कर जल चुकी थीं।
फायर ब्रिगेड कर्मियों ने दुकानों के शटर तोड़कर किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो चुका था। आग की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि दुकानों के पीछे खड़े पेड़ों की पत्तियां तक झुलस गईं। सर्दी की बर्फीली रात में भी वहां मौजूद लोगों को आग की तेज गर्मी साफ महसूस हो रही थी।
आग बुझने के बाद फायर ब्रिगेड की टीमें वापस लौट गईं और धीरे-धीरे मौके पर जुटी भीड़ भी छंटने लगी। जिन दुकानदारों की दुकानें इस हादसे में जल गईं, वे बेहद परेशान और टूटे हुए नजर आए। दुकानदारों का कहना है कि उनकी पूरी रोजी-रोटी आग में जलकर खाक हो गई है और अब उनके सामने जीवन यापन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासनिक स्तर पर जांच के बाद ही आग के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

You cannot copy content of this page