मेट्रिक और ग्रेजुएट निकले मोबाइल लुटेरे, सिडकुल पुलिस ने दबोचे पश्चिमी यूपी के तीन शातिर, मोबाइल बरामद, देखिए वीडियो

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार के सिडकुल थाना क्षेत्र में मोबाइल झपटमारी की लगातार बढ़ रही घटनाओं के बीच पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। सिडकुल पुलिस ने पढ़े-लिखे झपट्टामार गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन शातिर मोबाइल स्नैचरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी मेट्रिक और ग्रेजुएट बताए जा रहे हैं और सिडकुल स्थित निजी कंपनियों में नौकरी करते थे, इसके बावजूद अपराध की राह पर उतर आए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के तहत 31 जनवरी 2026 को थाना सिडकुल पुलिस ने संदिग्धों की घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी और झपटमारी के कुल छह मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनमें से तीन मोबाइल फोन थाना सिडकुल में पहले से दर्ज मामलों से संबंधित पाए गए।

पुलिस के अनुसार बरामद मोबाइल फोन के आधार पर थाना सिडकुल में संबंधित धाराओं में मामला पंजीकृत कर लिया गया। इसके अलावा तीन अन्य मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं, जिन्हें भी जब्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक पुत्र रामचन्द्र (24 वर्ष), अभिनव पुत्र हुकम सिंह (21 वर्ष) और दीपू कुमार पुत्र बिश्मबर (25 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के निवासी हैं और वर्तमान में सिडकुल क्षेत्र में रहकर कंपनियों में कार्यरत थे।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी राह चलते लोगों को निशाना बनाकर मोबाइल झपटमारी की वारदातों को अंजाम देते थे, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ था। सिडकुल पुलिस की इस कार्रवाई से आम लोगों ने राहत की सांस ली है।
इस पूरी कार्रवाई को थाना अध्यक्ष नितेश शर्मा के नेतृत्व में अंजाम दिया गया, जिसमें उपनिरीक्षक अनिल कुमार, उपनिरीक्षक संजय चौहान सहित पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी सघन चेकिंग और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

You cannot copy content of this page