मौज-मस्ती के लिए अपराध की राह पर चले नाबालिग, कोटद्वार में तीन वाहन चोरी का खुलासा, देखिए वीडियो

खबर डोज, कोटद्वार। कोतवाली क्षेत्र में हुई तीन अलग-अलग मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए छह नाबालिग बालकों को संरक्षण में लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई तीनों मोटरसाइकिलें भी बरामद कर ली हैं।
कोतवाल प्रदीप नेगी के मुताबिक 22 फरवरी 2026 को पिंटू सिंह, मोहित सालार एवं राजेश कुशवाहा निवासी कोटद्वार ने कोतवाली कोटद्वार में लिखित तहरीर देकर बताया कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उनकी मोटरसाइकिलें चोरी कर ली गई हैं। प्राप्त शिकायतों के आधार पर कोतवाली कोटद्वार में अभियोग पंजीकृत किए गए।
घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने चोरी की घटनाओं के त्वरित अनावरण एवं अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। निर्देशों के अनुपालन में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने घटनास्थलों का बारीकी से निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों और सुरागरसी के आधार पर 23 फरवरी 2026 को पुलिस ने तीनों घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए छह नाबालिगों को संरक्षण में ले लिया। पूछताछ में नाबालिगों ने स्वीकार किया कि वह मोटरसाइकिलें घरों के बाहर से केवल मौज-मस्ती और घूमने-फिरने के उद्देश्य से चोरी करते थे। पुलिस ने उनके कब्जे से होंडा मोटरसाइकिल UK 15B 5257, पल्सर मोटरसाइकिल UK 12B10847 तथा डिस्कवर मोटरसाइकिल UK 15 8466 बरामद की है।
सभी नाबालिगों को विधिक प्रक्रिया के अंतर्गत चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC) के समक्ष प्रस्तुत कर किशोर न्याय बोर्ड में पेश किया जा रहा है। पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की दिनचर्या, मित्र मंडली और गतिविधियों पर सतत एवं सजग निगरानी रखें। किशोर अवस्था में उचित मार्गदर्शन और संवाद का अभाव बच्चों को गलत दिशा में ले जा सकता है। बच्चों को नैतिक मूल्यों, कानून के महत्व और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना आवश्यक है, ताकि वे अपराध की राह से दूर रह सकें।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







