महिला सुरक्षा के लिए सबसे असुरक्षित देहरादून, हरिद्वार के संगठन सृजन कार्यक्रम में बोली विधायक अनुपमा रावत

–उत्तरकाशी के धराली और चमोली के थराली में आई आपदा के मृतकों को दी श्रद्धांजलि
हरिद्वार। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में हरिद्वार जनपद में संगठन सृजन अभियान शुरू हो गया है। गुरुवार को प्रेस क्लब में आंध्र प्रदेश से आए ऑब्जर्वर रुद्रा राजू ने अभियान की जानकारी दी। इस मौके पर हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत ने कहा कि प्रदेश सरकार के कार्यकाल में महिला संबंधित अपराधों में बढ़ोतरी हुई है। हाल ही में आई एक रिपोर्ट के मुताबिक राजधानी देहरादून को महिला सुरक्षा के मामले में सबसे असुरक्षित माना गया है। कांग्रेसियों ने उत्तरकाशी के धराली और चमोली के थराली में आई आपदा के मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रेस क्लब सभागार में पत्रकारों से मुखातिब होते हुए ऑब्जर्वर रुद्रा राजू ने कहा कि कांग्रेस ने राहुल गांधी के नेतृत्व में संगठन सृजन अभियान की शुरुआत कर दी है। बूथ स्तर तक सभी कार्यकर्ताओं से वार्ता की जाएगी। सभी ब्लॉक अध्यक्ष अपने अपने क्षेत्रों में जाकर बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से वार्ता करेंगे। साथ ही इसकी गोपनीय रिपोर्ट दिल्ली भेजी जाएगी। कहा कि गुटबाजी से हटकर संगठन के नेतृत्व में सभी पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता कार्य करेंगे। इस मौके पर विधायक रवि बहादुर ने कहा कि संगठन सृजन अभियान में सभी कार्यकर्ताओं को बढ़चढ़ कर भाग लेना है। पार्टी की नीतियों को जन जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस से अधिक भाजपा में गुटबाजी है। कांग्रेस पारदर्शिता से कार्य करती है। हर छोटे कार्यकर्ता को आगे बढ़ने का मौका देती है। इसका सीधा उदाहरण वह स्वयं हैं। एक गरीब परिवार से होने के बाद भी पार्टी ने उन्हें विधायक का टिकट दिया था, जिसके बाद वह आज विधायक भी हैं।
हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत ने कहा कि संगठन सृजन कार्यक्रम राहुल गांधी ने रखा है। इसके दूरगामी परिणाम आएंगे। कहा कि कांग्रेस पारदर्शिता से कार्य करती है। सात दिन के इस अभियान में हर कार्यकर्ता से मिला जाएगा। कहा कि कांग्रेस हर छोटे कार्यकर्ता से पार्टी को मजबूत बनाने के लिए राय लेती है। एक कार्यक्रम में राहुल गांधी ने मंचासीन नेताओं को छोड़कर संबोधन सुन रहे कार्यकर्ताओं को भी मंच पर बुलाकर पार्टी को मजबूत बनाने की राय ली। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड प्रदेश में महिला अपराधों में पहले स्थान पर है, हाल ही में एक सर्वे रिपोर्ट में भी राजधानी देहरादून को महिला सुरक्षा के मामले में सबसे असुरक्षित माना गया है, जो कि शर्मनाक है।
पत्रकार वार्ता में राजवीर चौहान, ग्रामीण जिलाध्यक्ष राजीव चौधरी, विमला पांडे, तेलूराम प्रधान, राकेश राजपूत, वरिष्ठ कांग्रेस नेता फुरकान अली राजेंद्र श्रीवास्तव, दाताराम चौहान, जतिन हांडा, बीएस तेजियान आदि मौजूद रहे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें