टिहरी गढ़वाल में नई कमान: श्वेता चौबे ने SSP पदभार संभाला, कानून-व्यवस्था मजबूत करने के दिए सख्त निर्देश

खबर डोज, टिहरी गढ़वाल। जनपद टिहरी गढ़वाल में नव नियुक्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्वेता चौबे ने रविवार को विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। जनपद में आगमन के उपरांत उन्होंने सर्वप्रथम भद्रकाली मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेश व जनपद की सुख-समृद्धि की कामना की।

इसके बाद श्वेता चौबे पुलिस कार्यालय नई टिहरी पहुंचीं, जहां पुलिस बल द्वारा उन्हें औपचारिक सलामी दी गई। सलामी ग्रहण करने के पश्चात उन्होंने जनपद के समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ परिचयात्मक बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन तथा जनसुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

अपने संबोधन में एसएसपी ने स्पष्ट किया कि जनपद में कानून – व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना, अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना और आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें तथा जनता के साथ संवेदनशील और मित्रवत व्यवहार बनाए रखें।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद श्वेता चौबे ने पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभिलेखों, कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और तकनीकी दक्षता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।
इसके साथ ही उन्होंने जनपद में चल रहे विशेष अभियानों नशा उन्मूलन, साइबर अपराध रोकथाम, महिला सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही, पुलिस-जन संवाद को सशक्त करने के लिए सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रमों को प्राथमिकता देने पर भी बल दिया।
नव नियुक्त एसएसपी के पदभार ग्रहण करने के साथ ही जनपद में पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ और सक्रिय बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







