कोटद्वार पुलिस का नया यातायात प्लान हुआ सफल, अभी और सुधार होने बाकी

ख़बर शेयर करें -


कोटद्वार। कोटद्वार की बेलगाम यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए यातायात पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। यातायात पुलिस ने कुछ दिन पूर्व झंडा चौक से नगर निगम तक सड़क के बीचो बीच दो पहिया वाहन पार्किंग किए जाने का प्लान जारी किया था जो कि पूर्ण रूप से सफल भी हो गया है। इस यातायात के नए प्लान से सड़क के दोनों ओर बेतरतीब खड़े होने वाले वाहनों की संख्या पूर्ण रूप से शून्य हो गई है। इस यातायात प्लान में सबसे बड़ी बात यह है कि झंडा चौक से नगर निगम तक दोपहिया वाहनों के बीचो-बीच खड़े होने से आवारा सांड और गाय भी सड़क पर नहीं बैठ रही है। हालांकि इस प्लान का कोटद्वार में कुछ लोगों ने विरोध भी किया, लेकिन पुलिस ने इस प्लान को जारी रखा। अब यातायात पुलिस ने झंडा चौक से लेकर लाल बत्ती तक एक नया प्लान जारी किया है। इसके साथ ही लाल बत्ती चौक पर यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए लाल बत्ती को भी फिर से शुरू कर दिया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कोटद्वार की यातायात व्यवस्था नए प्लान जारी होने के बाद से काफी हद तक सुधर गई है और यातायात पुलिस भी इसमें लगातार सुधार कर रही है जो कि सराहनीय है। कोटद्वार यातायात निरीक्षक शिव कुमार का कहना है कि कोटद्वार की यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के लिए यातायात पुलिस प्रयासरत है। यातायात पुलिस आगे भी यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के लिए प्रयासरत रहेगी। यदि कोई व्यक्ति यातायात व्यवस्था में और बेहतर सुझाव देना चाहता हो तो वह यातायात पुलिस को दे सकता है। उन्होंने कहा कि सुझाव अच्छा होने पर यातायात व्यवस्था में परिवर्तन किया जाएगा।

You cannot copy content of this page