खबर डोज की खबर का हुआ असर: डीएम ने किया हिलबाईपास रोड के निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण

ख़बर शेयर करें -


कार्यदायी संस्थाओं को समयबद्ध व गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश

खबर डोज, हरिद्वार। हिल बाईपास रोड पर चल रहे निर्माण कार्यों को लेकर सामने आई समस्याओं के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।


निरीक्षण के दौरान डीएम ने विशेष रूप से स्लाइडिंग जोन का जायजा लिया और वहां सुरक्षा दीवार का निर्माण कार्य शीघ्रता से पूरा करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने वन विभाग को पहाड़ी क्षेत्र में मिट्टी के कटाव को रोकने के लिए बांस के पौधे और घास लगाने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में सभी तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए और कार्य की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता को सुरक्षित और सुगम यातायात की सुविधा मिल सके। उन्होंने आगामी चारधाम यात्रा से पूर्व निर्माण कार्य पूर्ण करने और मार्ग पर पड़े मलबे को हटाने के भी निर्देश दिए।
इसके अलावा डीएम ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए श्रमिकों की संख्या बढ़ाने और कार्य को त्वरित गति से पूरा करने के निर्देश भी संबंधित विभागों को दिए। डीएम मयूर दीक्षित ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मनसा देवी पैदल मार्ग पर साफ सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही मनसा देवी प्रवेश द्वार पर दोपहिया वाहनों को न खड़ा होने दिया जाए।
इस दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दीपक वर्मा, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता ओम जी गुप्ता तथा राजा जी नेशनल पार्क के वार्डन अजय लिंगवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page