खबर डोज की खबर पर लगी मोहर: कार्तिकेय कुंज कॉलोनी में कूड़ा उठाने पहुंची निगम की तीन गाड़ियां, जनता ने ली राहत की सांस, देखिए वीडियो

खबर डोज, हरिद्वार। देश रक्षक तिराहे की कार्तिकेय कुंज कॉलोनी में बीते तीन दिनों से कूड़ा न उठने से उत्पन्न अव्यवस्था और नाराजगी का समाचार जब खबर डोज पर प्रमुखता से प्रकाशित हुई, तो नगर निगम हरकत में आ गया। बढ़ते कूड़े के ढेर और कॉलोनी में रोज-रोज होने वाली बहसबाजी को देखते हुए शुक्रवार सुबह निगम ने विशेष टीम तैनात कर सफाई अभियान शुरू कराया।
सुबह करीब 10 बजे निगम की तीन कूड़ा गाड़ियां कॉलोनी में पहुंचीं और सफाई कर्मियों ने घर-घर से कूड़ा इकट्ठा कर निस्तारण कार्य शुरू किया। कूड़े से फैल रही दुर्गंध और मच्छरों के प्रकोप से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली।
कॉलोनी निवासी ने बताया कि “कई बार शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही थी। मीडिया पर खबर प्रकाशित होते ही तुरंत कार्रवाई हुई। शुक्र है कि अब कचरा हटा दिया गया है।”
स्थानीय लोगों ने बताया कि प्रति घर ₹100 मासिक शुल्क वसूलने के बावजूद पिछले कुछ दिनों से सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई थी। इससे कॉलोनी में स्वच्छता की स्थिति बद से बदतर होती जा रही थी।
निगम अधिकारियों ने मौके पर निरीक्षण करते हुए सफाई ठेकेदार और कर्मचारियों को नियमित रूप से सेवा देने के निर्देश दिए हैं।
अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारों पर दंडात्मक कार्यवाही तय है।
निवासियों ने उम्मीद जताई है कि अब सफाई व्यवस्था में सुधार बना रहेगा और भविष्य में कॉलोनी को फिर ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें






