होली पर सिडकुल के रावली महदूद में प्रधान के घर पर हमला, 15 से अधिक घायल, जमकर चली लाठियां, क्या जिम्मेदारों पर चलेगा कप्तान का चाबुक, वीडियो वायरल

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र के रावली महदूद में बुधवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्राम प्रधान प्रमोद पाल के घर पर 20 से अधिक लोगों ने कथित रूप से लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। घटना में प्रधान प्रमोद पाल, उनके भाई मनोज समेत दोनों पक्षों के 15 से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, मामला पूर्व रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है। दूसरे पक्ष का आरोप है कि ग्राम प्रधान ने सुबह से उनके एक व्यक्ति को अपने घर में बैठा रखा था। संबंधित व्यक्ति के शाम तक घर न लौटने पर माहौल तनावपूर्ण हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शाम करीब 6 बजे दूसरे पक्ष के लोग प्रधान के घर पहुंचे। पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

पत्रकारों से अभद्रता का आरोप

घटनाक्रम की जानकारी लेने पहुंचे पत्रकारों के साथ भी कथित तौर पर प्रधान समर्थकों द्वारा अभद्रता किए जाने की बात सामने आई है। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने अस्पताल परिसर में मीडिया को बाहर कर दिया, जिससे स्थिति और संवेदनशील हो गई।

पुलिस की कार्रवाई

थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने मुताबिक मामले में तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।

गांव में तनाव, अतिरिक्त फोर्स तैनात

घटना के बाद रावली महदूद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। चिकित्सकों की टीम घायलों की निगरानी कर रही है और सभी का इलाज जारी है। प्रशासन के लिए फिलहाल स्थिति को सामान्य बनाए रखना बड़ी चुनौती बना हुआ है।

You cannot copy content of this page