सीएम के आदेश पर देहरादून के डीएम सविन बंसल ने हरिद्वार के राशन गोदाम पर छापा, बच्चों से कराई जा रही थी मजदूरी, डीएम ने बैठाई जांच, देखिए वीडियो

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, देहरादून। मुख्यमंत्री पोर्टल पर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद गुरुवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भगवानपुर क्षेत्र के गोगामेड़ी चौक स्थित बाल विकास परियोजना के राशन गोदाम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गोदाम में बच्चों से काम कराए जाने का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिलाधिकारी सविन बंसल के नेतृत्व में पहुंची टीम ने गोदाम की व्यवस्था और राशन स्टॉक की जांच की। इस दौरान अधिकारियों ने पाया कि गोदाम में बच्चों से राशन से संबंधित कार्य कराया जा रहा था, जिसे गंभीरता से लेते हुए डीएम ने तत्काल जांच के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि इसी गोदाम से उत्तराखंड के कई क्षेत्रों में आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए राशन की आपूर्ति की जाती है। इनमें हरिद्वार, ऋषिकेश, पौड़ी, देहरादून, लक्सर, मंगलौर और झबरेड़ा सहित कई स्थान शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि लंबे समय से मुख्यमंत्री पोर्टल पर इस गोदाम से जुड़ी शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री के आदेश पर औचक निरीक्षण किया गया है।

डीएम ने मौके पर ही एक टीम का गठन कर गोदाम में रखे राशन की गहन जांच शुरू करा दी है। टीम को निर्देश दिए गए हैं कि पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर प्रशासन को सौंपी जाए। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम हरगीरी, सूचना अधिकारी इन्द्रेश कोठारी, नायब तहसीलदार जयकृत रावत सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। अचानक हुई इस कार्रवाई से गोदाम में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों में पूरे समय हड़कंप मचा रहा।

You cannot copy content of this page