सोता रहा पौड़ी प्रशासन, स्वास्थ्य मंत्री ने लिया एक्शन, जिला अस्पताल में करोड़ों की CT स्कैन मशीन खराब, चिकित्सा अधीक्षक सस्पेंड

खबर डोज, कोटद्वार। उत्तराखण्ड शासन ने स्वास्थ्य विभाग में बड़ी कार्रवाई करते हुए पौड़ी जिला अस्पताल में स्थापित करोड़ों रुपये की CT स्कैन मशीन के खराब होने के मामले में कड़ा रुख अपनाया है। मशीन के रख-रखाव में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर तत्कालीन प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विजयेन्द्र भारद्वाज को निलंबित कर दिया गया है। उधर, स्थानीय लोगों ने पौड़ी प्रशासन पर भी आरोप लगाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वर्ष 2022 में स्थापित CT स्कैन मशीन को बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के खुले में छोड़ दिया गया था। लगातार उपेक्षा और उचित देखभाल के अभाव में मशीन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। यह मशीन आमजन को गंभीर बीमारियों के परीक्षण में राहत देने के उद्देश्य से लगाई गई थी, लेकिन लापरवाही के चलते यह उपयोग में नहीं आ सकी।
मामले की जांच में संबंधित अधिकारियों की घोर लापरवाही, उदासीनता और सरकारी संपत्ति के संरक्षण में विफलता सामने आई। इसके आधार पर शासन ने सख्त कदम उठाते हुए डॉ. भारद्वाज को प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए निलंबन की कार्रवाई की है और उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत और पारदर्शी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या जनता के हितों की अनदेखी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मंत्री ने सभी चिकित्सा संस्थानों को निर्देश दिए हैं कि उपलब्ध संसाधनों का समुचित रख-रखाव सुनिश्चित किया जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें




ऑपरेशन प्रहार: पौड़ी गढ़वाल निवासी समेत 30 कालनेमि ढोंगी बाबा हरिद्वार में गिरफ्तार 

