पौड़ी पुलिस दो टूक: होली पर शांति करोगे भंग, तो पुलिस करेगी तंग, सुरक्षा, सौहार्द के संग मनाएं खुशियों के पर्व

-होली और रमजान को शांति पूर्ण संपन्न कराने को लेकर पौड़ी जिले में हुई पीस कमेटी की बैठक
खबर डोज, कोटद्वार। आगामी होली पर्व एवं रमजान माह को लेकर जनपद पौड़ी में शांति, सुरक्षा और आपसी सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार द्वारा जनपद के समस्त थाना प्रभारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं कि प्रत्येक थाना क्षेत्र में संभ्रांत नागरिकों, व्यापार मंडल पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर संवाद को सुदृढ़ किया जाए, ताकि दोनों पर्व आपसी भाईचारे और सद्भाव के वातावरण में संपन्न हो सकें।

निर्देशों के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज ठाकुर द्वारा कोतवाली कोटद्वार में बैठक आयोजित की गई। वहीं एसडीएम पौड़ी दीक्षिता जोशी की अध्यक्षता में कोतवाली पौड़ी में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, व्यापार मंडल पदाधिकारियों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठक संपन्न हुई।
बैठकों में होली पर्व के दौरान रंग खेलने की मर्यादा, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के नियमानुसार उपयोग, यातायात प्रबंधन, मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता, सोशल मीडिया पर अफवाहों की रोकथाम तथा कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जनपद के अन्य थाना क्षेत्रों में भी संबंधित थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र के संभ्रांत व्यक्तियों के साथ बैठकें आयोजित कर समन्वय स्थापित किया गया। सभी समुदायों से अपील की गई कि होली और रमजान के पावन अवसर पर शांति, सौहार्द, पारस्परिक सम्मान और भाईचारे की भावना को बनाए रखें।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि पर्वों को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। कानून व्यवस्था भंग करने, सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने अथवा अफवाह फैलाने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
अंत में अधिकारियों ने जनपदवासियों को होली एवं रमजान की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए सहयोग और सतर्कता की अपील की।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







