पौड़ी पुलिस ने गांजा तस्करों की तोड़ दी कमर, सीआईयू कोटद्वार के बाद धुमाकोट में पकड़ा गया काशीपुर का गांजा तस्कर

–11.68 किलो गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार, ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान में पौड़ी पुलिस की बड़ी कार्रवाई
खबर डोज, कोटद्वार। उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत पौड़ी पुलिस लगातार नशा तस्करों पर सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में धुमाकोट पुलिस ने 11 किलो 680 ग्राम गांजे के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देश पर जनपद भर में नशा तस्करी के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर एवं क्षेत्राधिकारी कोटद्वार निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष धुमाकोट सुनील पंवार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 18 मार्च 2026 की शाम दिगोलीखाल बाजार क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान पुलिस को सड़क किनारे एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया, जिसके पास दो बैग थे और उसकी गतिविधियां संदिग्ध लग रही थीं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे रोककर तलाशी ली, जिसमें दोनों बैगों से कुल 11 किलो 680 ग्राम गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे की कीमत लगभग 5.85 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने मौके से आरोपी सुमित शर्मा (42 वर्ष), निवासी पशुपति विहार, काशीपुर, जिला उधमसिंहनगर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गांजा अल्मोड़ा जनपद के बंदरकोट क्षेत्र से खरीदकर लाया था और उसे काशीपुर में बेचने की फिराक में था। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह इस अवैध धंधे से पैसा कमाने के उद्देश्य से नशा तस्करी करता है।
इस मामले में थाना धुमाकोट में एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अब इस बरामदगी के पीछे के पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है। गांजे की सप्लाई चेन, स्रोत और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पौड़ी पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि नशा तस्करी में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







