सोशल मीडिया पर सख्त हुए पौड़ी पुलिस कप्तान, कोटद्वार में हेट स्पीच पर बड़ी कार्रवाई, भड़काऊ वीडियो वायरल होते ही दीपक बजरंगी गिरफ्तार, यह बोले पुलिस कप्तान

खबर डोज, कोटद्वार। कोटद्वार में बीते कुछ दिनों से बने आपत्तिजनक माहौल और जारी तनाव के बीच पुलिस ने भड़काऊ बयानबाजी और नफरत फैलाने वाले भाषण (हेट स्पीच) के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने आरोपी दीपक बजरंगी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना के दिन सामने आए वीडियो में आरोपी दीपक बजरंगी आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए दिखाई दे रहा था, जिसके बाद वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ। वीडियो की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और गुरुवार देर रात आरोपी को उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया।
इंस्पेक्टर प्रदीप नेगी के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दीपक बजरंगी (उम्र 46), निवासी गाड़ीघाट, कोटद्वार द्वारा भड़काऊ और नफरत फैलाने वाले बयान दिए गए थे, जिससे क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की।
बताया गया है कि कोटद्वार में हालिया विवाद को लेकर अब तक दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी सर्वेश पंवार स्वयं कोटद्वार में कैंप कर हालात पर नजर बनाए हुए हैं। क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ लगातार गश्त और निगरानी की जा रही है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट को साझा न करें और शांति व सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
कोटद्वार में वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए एसएसपी पौड़ी गढ़वाल सर्वेश पंवार ने आमजन से शांति, संयम और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और भड़काऊ सामग्री पर पुलिस की कड़ी नजर है और ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी सर्वेश पंवार ने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति द्वारा समाज में वैमनस्य फैलाने, हेट स्पीच देने अथवा कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे बिना पुष्टि के किसी भी भ्रामक, आपत्तिजनक या उकसाने वाली पोस्ट को सोशल मीडिया पर साझा न करें।
उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और कोटद्वार क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त की जा रही है ताकि शांति और सौहार्द बनाए रखा जा सके।
एसएसपी ने आमजन से प्रशासन का सहयोग करने, आपसी भाईचारा बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







