चंबा पुलिस लाइन में गूंजे कान्हा के जयकारे, झांकियों और गीतों पर देर रात तक झूमे लोग

–किशन महिपाल और मंजू नौटियाल के गीतों पर देर रात तक झूमे पुलिस परिवार व क्षेत्रीय लोग, बाल लीलाओं की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
खबर डोज, टिहरी। टिहरी गढ़वाल पुलिस परिवार की ओर से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर पुलिस लाइन चंबा में भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। श्रद्धा, भक्ति और उल्लास से सराबोर इस समारोह में पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों के परिवारों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोगों ने प्रतिभाग किया। पूरा पुलिस लाइन परिसर भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों और भक्ति गीतों से गूंजता रहा।

कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे ने अपने पति मणिकांत मिश्रा, पुलिस अधीक्षक अभिसूचना, अभिसूचना मुख्यालय उत्तराखंड, देहरादून और पुत्र के साथ भगवान लड्डू गोपाल की विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के झूले को झुलाकर जन्मोत्सव की परंपरा निभाई। एसएसपी ने जनपदवासियों और पुलिस परिवार को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि, शांति और मंगलमय जीवन की कामना की।

आठ झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र
जन्माष्टमी समारोह में जनपद के विभिन्न थानों और फायर सर्विस की ओर से आठ आकर्षक झांकियां तैयार की गईं। इनमें भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनकी विभिन्न लीलाओं को रचनात्मक तरीके से प्रदर्शित किया गया। पुलिस लाइन पहुंचने वाले लोगों के लिए झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। लोगों ने झांकियों को देखा और उनके साथ सेल्फी लेकर उत्सव की यादें भी संजोईं।

बच्चों और पुलिस परिवारों ने दी शानदार प्रस्तुतियां
समारोह के दौरान पुलिस लाइन चंबा के पुलिस परिवारों और विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने गीत, नृत्य और श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। प्रस्तुति के दौरान पूरा परिसर तालियों और जयकारों से गूंजता रहा।

किशन महिपाल और मंजू नौटियाल के गीतों पर झूमे दर्शक
कार्यक्रम का संगीतमय रंग उस समय और गहरा हो गया, जब प्रसिद्ध गायक किशन महिपाल और मंजू नौटियाल ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। दोनों कलाकारों के लोकप्रिय गीतों पर पुलिसकर्मी, उनके परिवार और स्थानीय लोग देर रात तक झूमते नजर आए। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने जन्माष्टमी समारोह में चार चांद लगा दिए और दर्शकों ने जमकर आनंद लिया।

अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने बढ़ाई समारोह की शोभा
समारोह में पुलिस अधीक्षक अभिसूचना मणिकांत मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी टिहरी गढ़वाल वरुणा अग्रवाल, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दयाराम, अपर पुलिस अधीक्षक दीपक सिंह, क्षेत्राधिकारी टिहरी चंद्रमोहन सिंह, क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर सुरेंद्र सिंह भंडारी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी संजीवा कुमार, जेल अधीक्षक जिला कारागार नई टिहरी अभिलाष गैरोला समेत पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
इसके अलावा विधायक टिहरी किशोर उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष टिहरी गढ़वाल इशिता सजवाण, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय सिंह रावत, ब्लॉक प्रमुख चंबा सुमन सजवाण, पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश धनै, पूर्व विधायक टिहरी धन सिंह नेगी, नगर पालिका अध्यक्ष चंबा शोभनी धनोला, नगर पालिका अध्यक्ष टिहरी मोहन सिंह रावत, नगर पंचायत अध्यक्ष चमियाला गोविंद सिंह राणा और नगर पंचायत अध्यक्ष लंबगांव रोशन रांगड़ सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
भक्ति, संस्कृति और मनोरंजन के रंगों से सजे इस आयोजन का समापन हर्षोल्लास के साथ हुआ। पुलिस लाइन चंबा में आयोजित जन्माष्टमी समारोह पुलिस परिवारों के साथ-साथ क्षेत्रीय लोगों के लिए भी यादगार बन गया।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







दुगड्डा का ऐतिहासिक ‘चूना धारा’ मलबे में दफन, दो सदी पुरानी विरासत का पक्का ढांचा ध्वस्त, देखिए वीडियो