सड़क हादसे में जान गंवाने वाले पुलिसकर्मी की पत्नी को पीएनबी ने दिया 50 लाख का चेक

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। आज पुलिस महानिदेशक उत्तराखण्ड अशोक कुमार की उपस्थिति में जोनल मैनेजर, पंजाब नेशनल बैंक देहरादून जोन संजय काण्डपाल की ओर से रक्षक प्लस योजना के अन्तर्गत सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले जनपद देहरादून में तैनात एक पुलिसकर्मी की पत्नी को 50 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया।
पुलिस महानिदेश‍क अशोक कुमार के अनुसार पंजाब नेशनल बैंक की ओर से पुलिसकर्मी विजय चौहान की पत्नी ममता चौहान को 50 लाख रूपए का चेक दिया गया। वर्ष 2019 में उत्तराखण्ड पुलिस कर्मियों के लिए एक बड़े कल्याणकारी कदम के रूप में उत्तराखण्ड पुलिस तथा पंजाब नेशनल बैंक के बीच पुलिस सैलरी पैकज के लिए समझौता अनुबंध) किया गया था। जिसके अन्तर्गत जिन पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों का वेतन पंजाब नेशनल बैंक में आहरित हो रहा है। उनको रक्षक प्लस योजना के अन्तर्गत बिना प्रीमियम जमा किए दुर्घटना आदि में मृत्यु होने पर 30 लाख रुपये का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कवर दिया जा रहा था। वर्ष 2021 में अनुबंध का नवीनीकरण कर इस बीमा कवर को बढ़ाकर 50 लाख रूपए कर दिया गया है। इस योजना के अन्तर्गत वर्ष 2019 से अब तक पंजाब नेशनल बैंक की ओर से 15 पुलिसकर्मियों के आश्रितों को बीमा कवर की राशि प्रदान की गयी है। पुलिस सैलरी पैकज के अन्तर्गत ही स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के साथ भी वर्ष 2018 में समझौता (अनुबंध) किया गया था। जिसके अन्तर्गत बिना प्रीमियम जमा किए दुर्घटना आदि में मृत्यु होने पर 25 लाख रुपये का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कवर दिया जा रहा था।
वर्ष 2021 में अनुबंध का नवीनीकरण कर इस बीमा कवर को बढ़ाकर 50 लाख रूपए कर दिया गया है। पुलिस सैलरी पैकज योजना के अन्तर्गत अब तक कुल 24 पुलिसकर्मियों के आश्रितों को बीमा कवर की राशि प्रदान की गयी है।
वर्ष 2018 से अब तक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया द्वारा 09 पुलिसकर्मियों के आश्रितों को बीमा कवर की राशि प्रदान की गयी है।

You cannot copy content of this page