कोटद्वार में युवती से छेड़छाड़ और उत्पीड़न करने वाले युवक को पुलिस ने चंद घंटों में किया गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, कोटद्वार। कोटद्वार में प्रतिष्ठान के नाम को लेकर पहले से चल रही तनातनी अभी सुलझी भी नहीं थी कि एक और घटना ने शहर का माहौल और अधिक तनावपूर्ण कर दिया। मंगलवार को एक मुस्लिम युवक को युवती से छेड़छाड़ और अश्लील हरकतों के आरोप में पुलिस ने हिरासत में लिया, जिसके बाद हिंदू संगठनों में रोष फैल गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भाबर क्षेत्र की एक युवती ने पुलिस को शिकायत दी कि एक युवक उसे लगातार परेशान कर रहा था और आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहा था। युवती की शिकायत पर मंगलवार को झंडाचौक क्षेत्र से लकड़ीपड़ाव निवासी उस्मान को पकड़कर बाजार चौकी लाया गया। युवती ने पुलिस को बताया कि युवक उसे आए दिन परेशान करता था।
तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया। इस घटना के सामने आने के बाद हिंदू संगठनों में आक्रोश देखने को मिला। बड़ी संख्या में युवकों ने बाजार चौकी पहुंचकर ऐसी घटनाओं पर सख्ती से रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
हिंदू संगठनों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने का काम करती हैं और प्रशासन को ऐसे मामलों में त्वरित व कठोर कदम उठाने चाहिए। वहीं पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। शहर में फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन पुलिस बल को अलर्ट पर रखा गया है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

You cannot copy content of this page