केंद्रीय गृहमंत्री के दौरे से पहले हरिद्वार में सियासी तनाव, देर रात कांग्रेस महिला मोर्चा अध्यक्ष ज्योति रौतेला को बॉर्डर पर रोका

खबर डोज, हरिद्वार। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के हरिद्वार दौरे को लेकर जिला पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जनपद की सीमाओं पर सघन चेकिंग और निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को कांग्रेस महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला अपने समर्थकों के साथ केंद्रीय गृहमंत्री को ज्ञापन सौंपने हरिद्वार पहुंचने का प्रयास कर रही थीं।
ज्योति रौतेला ने अपने प्रस्तावित कार्यक्रम की जानकारी पहले ही सोशल मीडिया के माध्यम से सार्वजनिक कर दी थी। जैसे ही वह अपने समर्थकों के साथ लाहड़पुर बॉर्डर से हरिद्वार में प्रवेश करने लगीं, श्यामपुर थाना पुलिस ने उन्हें बॉर्डर पर ही रोक लिया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हल्की नोकझोंक भी देखने को मिली।
रोकने पर ज्योति रौतेला ने थानाध्यक्ष श्यामपुर मनोज शर्मा से रोकने का कारण पूछा और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है। ज्योति रौतेला ने कहा कि एक किसान की हत्या के मामले में पुलिस पूरी तरह निष्क्रिय बनी हुई है, वहीं बहुचर्चित अंकिता भंडारी प्रकरण में भी अब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल पाया है।
उन्होंने कहा कि इन्हीं मुद्दों को लेकर वे केंद्रीय गृहमंत्री को ज्ञापन देना चाहती थीं, लेकिन उन्हें रोका जा रहा है, जो लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। मौके पर मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी पुलिस कार्रवाई के खिलाफ नारेबाजी की।
इस दौरान ऑल इंडिया कांग्रेस की प्रभारी सुनीता गांवड़े भी मौके पर मौजूद रहीं और उन्होंने पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि कांग्रेस जनहित के मुद्दों को उठाती रहेगी, चाहे इसके लिए कितना भी दबाव क्यों न बनाया जाए।
किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें








