जनपद पौड़ी में आज कोटद्वार समेत कई स्थानों पर होगा आपदा पूर्व मॉक ड्रिल

खबर डोज, कोटद्वार। आपदा प्रबंधन की तैयारियों को मजबूत करने के लिए जनपद में आपदा पूर्व अभ्यास अभियान के तहत मंगलवार को व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। यह अभ्यास सुबह 10:00 बजे से शुरू होगा, जिसमें विभिन्न विभागों की टीमें आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों का प्रदर्शन करेंगी।
अभ्यास के सुचारु संचालन के लिए आपदा कंट्रोल रूम कलेक्ट्रेट सभागार में स्थापित किया गया है। यहां से पूरे अभियान की निगरानी और समन्वय किया जाएगा।
प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार यह मॉक अभ्यास जनपद के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में कराया जाएगा। इनमें कोटद्वार के खोह नदी क्षेत्र (गाड़ीघाट और झूलापुल), पौड़ी के बुवाखाल, तहसील थलीसैंण के ग्राम रौली और कैन्यूर तथा धुमाकोट के चौकीखाल मार्ग शामिल हैं।
मॉक ड्रिल के दौरान आपदा की संभावित परिस्थितियों में राहत और बचाव कार्यों का अभ्यास किया जाएगा। इसमें प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, आपदा प्रबंधन टीम और अन्य संबंधित विभागों की सक्रिय भागीदारी रहेगी।
प्रशासन ने बताया कि इस अभ्यास का उद्देश्य आपदा की स्थिति में त्वरित राहत, बचाव और समन्वय की व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में जन-धन की हानि को कम किया जा सके।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







