जनगणना-2027 की तैयारियां जोरों शोरों पर, हरिद्वार में फील्ड ट्रेनर्स को दिया गया प्रशिक्षण

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। आगामी जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर जनपद हरिद्वार में प्रशिक्षण प्रक्रिया शुरू हो गई है। जनगणना के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) वर्ष 2026 में तथा द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) वर्ष 2027 में संपन्न किया जाना प्रस्तावित है।

इसी क्रम में 16 मार्च 2026 को जनपद हरिद्वार में अपर जिलाधिकारी एवं जिला जनगणना अधिकारी फिंचाराम चौहान की अध्यक्षता में एक प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यशाला में जनपद के सभी फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना से संबंधित कार्यों के लिए प्रशिक्षित किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान जनगणना से जुड़े ऑनलाइन पोर्टल पर कार्य करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि फील्ड ट्रेनर्स अपने-अपने स्तर पर नियुक्त किए जाने वाले सुपरवाइजर और प्रगणकों को भी प्रशिक्षण देंगे, ताकि जनगणना कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

इस अवसर पर अपर सांख्यिकी अधिकारी/सहायक भूलेख अधिकारी उत्तम सिंह, मास्टर ट्रेनर नवीन कुमार, सांख्यिकी अन्वेषक ग्रेड-II नीरज कुमार, अमीर आलम तथा यशा चौधरी सहित जनगणना कार्य निदेशालय, गृह मंत्रालय भारत सरकार के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में अधिकारियों ने जनगणना कार्य की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सटीक और व्यवस्थित आंकड़ों के लिए सभी संबंधित कर्मचारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। जनगणना-2027 को सफल बनाने के लिए प्रशासन ने अभी से तैयारियां तेज कर दी हैं।

You cannot copy content of this page