कुंभ 2027 की तैयारियां तेज: मेलाधिकारी सोनिका ने दक्षद्वीप और बैरागी कैंप का किया स्थलीय निरीक्षण

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार में प्रस्तावित कुंभ मेला 2027 की तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। विश्व के सबसे बड़े धार्मिक समागम को भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए मेला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मेलाधिकारी सोनिका लगातार ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रही हैं, ताकि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे हो सकें।

मंगलवार सुबह मेलाधिकारी ने दक्षद्वीप और बैरागी कैंप क्षेत्र का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़कों, घाटों और पुलों की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया और संबंधित विभागों को सुदृढ़ीकरण के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ में देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु पहुंचते हैं, ऐसे में उनकी सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बैरागी कैंप क्षेत्र में उन्होंने अखाड़ों और धार्मिक संस्थाओं के लिए चिन्हित शिविर स्थलों का अवलोकन किया। भूमि समतलीकरण, पार्किंग व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर अधिकारियों को समयबद्ध कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान यातायात का दबाव नियंत्रित रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों और निकास योजनाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए।
दक्षद्वीप क्षेत्र में घाटों की सीढ़ियों, रेलिंग और प्रकाश व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए गए। घाटों की नियमित सफाई, मरम्मत और सुरक्षा मानकों के पालन पर भी जोर दिया गया। मेलाधिकारी ने कहा कि गंगा तट पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
सड़क और पुल निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने प्रमुख संपर्क मार्गों के सुदृढ़ीकरण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। दक्षद्वीप पार्किंग से राष्ट्रीय राजमार्ग तक संपर्क मार्ग विकसित करने की योजना पर विशेष बल दिया गया, ताकि मेले के दौरान यातायात सुचारु रहे। साथ ही कनखल क्षेत्र में निकास मार्गों और पुलों की सुरक्षा जांच व अनुरक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बिजली, पेयजल और स्वच्छता व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए मेलाधिकारी ने नियमित सफाई, कूड़ा निस्तारण और सार्वजनिक शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मेला क्षेत्र की भूमि को अतिक्रमणमुक्त रखने पर भी सख्ती बरतने की बात कही गई।
मेलाधिकारी सोनिका ने कहा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और बेहतर सुविधाएं प्रदान करना मेला प्रशासन की प्रतिबद्धता है। कुंभ 2027 को ऐतिहासिक और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा। किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह, सीओ ट्रैफिक विनोद सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page