कुंभ मेला 2027 की तैयारियां तेज, मेलाधिकारी सोनिका ने विभिन्न क्षेत्रों का किया स्थलीय निरीक्षण

खबर डोज, हरिद्वार। आगामी कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को समयबद्ध और व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने के उद्देश्य से मेलाधिकारी सोनिका ने सोमवार को हरिद्वार स्थित कुंभ नगरी के विभिन्न क्षेत्रों का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं।
निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने भीड़ प्रबंधन, पार्किंग और यातायात नियंत्रण की प्रस्तावित योजनाओं की मौके पर समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कुंभ जैसे विशाल आयोजन के सफल संचालन के लिए सुविचारित योजना, विभागीय समन्वय और निरंतर निगरानी अत्यंत आवश्यक है। अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की व्यवहारिकता, संभावित चुनौतियों और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई।
मेलाधिकारी ने मेला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ बैरागी कैंप, दक्ष क्षेत्र, जगजीतपुर, गौरीशंकर क्षेत्र तथा नजीबाबाद मार्ग स्थित कुंभ नगरी के प्रवेश स्थल प्वाइंट 4.2 का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि चिन्हित पार्किंग स्थलों का समय से समतलीकरण कराया जाए, जल निकासी की समुचित व्यवस्था हो तथा संपर्क मार्गों को मजबूत और व्यवस्थित बनाया जाए।
उन्होंने पेयजल आपूर्ति की निरंतर उपलब्धता, पर्याप्त शौचालयों की स्थापना, नियमित साफ-सफाई, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, समुचित प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के व्यापक प्रबंध सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। प्रत्येक सेक्टर में चिकित्सा सहायता केंद्र और आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
मेलाधिकारी ने कहा कि सड़क मार्ग से आने वाले श्रद्धालु नगर के आंतरिक हिस्सों में प्रवेश किए बिना सुव्यवस्थित ढंग से निर्धारित स्नानघाटों तक पहुंच सकें, इसके लिए प्रभावी यातायात योजना तैयार की जाए। उन्होंने हरिद्वार में निर्माणाधीन रिंग रोड और नजीबाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना को ध्यान में रखते हुए पार्किंग और ट्रैफिक प्रबंधन की कार्ययोजना में आवश्यक संशोधन करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर एसपी सिटी अभय सिंह ने भीड़ एवं यातायात प्रबंधन की प्रस्तावित कार्ययोजना की जानकारी दी, जबकि उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह ने विभिन्न क्षेत्रों में की जाने वाली व्यवस्थाओं की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कुंभ मेला-2027 को भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य कर रहे हैं।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







