कुंभ मेले की तैयारियां तेज, पौड़ी जिले के स्वर्गाश्रम क्षेत्र के 16 घाटों का अपर मेलाधिकारी ने किया निरीक्षण

ख़बर शेयर करें -

घाटों की मरम्मत, सफाई और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

खबर डोज, हरिद्वार। आगामी कुंभ मेले को लेकर मेला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुगम स्नान की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मेला क्षेत्र के घाटों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने अभियंताओं की टीम के साथ स्वर्गाश्रम क्षेत्र के विभिन्न घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।

पौड़ी जनपद में स्थित स्वर्गाश्रम क्षेत्र के वेद निकेतन घाट, गंगा दर्शन घाट, लक्ष्मी नारायण घाट, साधु समाज घाट, वानप्रस्थ घाट, बॉम्बे घाट, किरमोला घाट सहित कुल 16 घाटों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान घाटों की वर्तमान स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों के साथ मरम्मत और सुधार कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

अपर मेलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि घाटों की मरम्मत और सौंदर्यीकरण से जुड़े सभी कार्य जल्द से जल्द पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले के दौरान लाखों श्रद्धालु स्नान के लिए पहुंचते हैं, ऐसे में घाटों की मजबूती और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है।

उन्होंने घाटों की साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना मेला प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके साथ ही सुरक्षा के दृष्टिकोण से घाटों पर पर्याप्त रेलिंग लगाने तथा गंगा की धारा के समीप चेन लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि स्नान के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा या दुर्घटना का खतरा न रहे।

अपर मेलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अभियंताओं को निर्देशित करते हुए कहा कि घाटों से जुड़े सभी निर्माण और मरम्मत कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि मेले के दौरान भीड़ अधिक होने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा मानकों से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

इसके अलावा घाटों के आसपास प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और मार्गों की सुगमता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं को स्नान के लिए आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल, मेला कार्यालय के तकनीकी प्रकोष्ठ के सहायक अभियंता एस.के. तोमर, सिंचाई खंड दुगड्डा के सहायक अभियंता जिले सिंह सहित मेला प्रशासन और सिंचाई विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page