हरिद्वार में जनगणना 2027 को लेकर अधिकारियों का प्रशिक्षण, तैयारियां तेज

खबर डोज,हरिद्वार। आगामी जनगणना –2027 के सफल संचालन को लेकर जनपद हरिद्वार में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में दिनांक 27 फरवरी 2027 को अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) हरिद्वार की अध्यक्षता में जनगणना से जुड़े समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
सहायक भूलेख अधिकारी उत्तम सिंह के अनुसार, जनगणना–2027 का प्रथम चरण वर्ष 2026 में आयोजित किया जाएगा, जिसमें मकान सूचीकरण एवं भवनों की गणना का कार्य किया जाएगा। इसके बाद द्वितीय चरण वर्ष 2027 में संपन्न होगा, जिसमें जनसंख्या गणना की जाएगी।
प्रशिक्षण कार्यशाला में जनगणना कार्य निदेशालय, गृह मंत्रालय भारत सरकार तथा उत्तराखंड, देहरादून से आए प्रतिनिधियों द्वारा अधिकारियों को विस्तृत जानकारी दी गई। प्रतिनिधि के रूप में श्री नीरज कुमार (सांख्यिकी अन्वेषक ग्रेड–II) एवं श्री अमीर आलम (सांख्यिकी अन्वेषक ग्रेड–II) ने प्रशिक्षण प्रदान किया।
कार्यशाला में जनपद के सभी जनगणना संबंधित अधिकारी, चार्ज जनगणना अधिकारी, अतिरिक्त चार्ज अधिकारी एवं अन्य कार्मिक उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को लैपटॉप के माध्यम से जनगणना पोर्टल पर कार्य करने का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया तथा ऑनलाइन डेटा प्रविष्टि और प्रबंधन की प्रक्रिया समझाई गई।
जनपद स्तर पर आयोजित इस प्रशिक्षण में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) हरिद्वार श्री पी. एल. शाह, नगर आयुक्त कोटद्वार, नगर आयुक्त रुड़की, सहायक भूलेख अधिकारी श्री उत्तम सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनगणना कार्य को पूर्ण पारदर्शिता, शुद्धता एवं समयबद्धता के साथ संपन्न किया जाए। उन्होंने कहा कि जनगणना देश की महत्वपूर्ण सांख्यिकीय प्रक्रिया है, जिसके आधार पर सरकार की नीतियां एवं योजनाएं तैयार की जाती हैं, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनगणना–2027 को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर कार्य किया जाएगा, ताकि जनपद हरिद्वार में यह राष्ट्रीय अभियान सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







