परिवहन मंत्री के जिले में नियमों की अनदेखी, उत्तराखंड सरकार लिखे टैक्सी वाहनों पर लग रही प्राइवेट नंबर प्लेट, वीडियो वायरल

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। उत्तराखंड सरकार में हाल ही में कैबिनेट मंत्री बने रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा को परिवहन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। एक ओर जहां सरकार सड़क सुरक्षा और परिवहन नियमों के पालन को लेकर सख्ती की बात कर रही है, वहीं दूसरी ओर मंत्री के ही जिले हरिद्वार में नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ती नजर आ रही हैं।

जिले में इन दिनों टैक्सी नंबर (कमर्शियल) वाहनों पर प्राइवेट (सफेद) नंबर प्लेट लगाने का चलन तेजी से बढ़ता दिख रहा है। कई वाहन ऐसे देखे जा रहे हैं, जिन पर “उत्तराखंड सरकार” या अन्य पहचान लिखी होती है, लेकिन वे निजी नंबर प्लेट के साथ सड़कों पर दौड़ रहे हैं।

नियमों के अनुसार, व्यावसायिक (टैक्सी) वाहनों पर पीली नंबर प्लेट होना अनिवार्य है, जबकि सफेद नंबर प्लेट केवल निजी वाहनों के लिए निर्धारित होती है। इसके बावजूद टैक्सी वाहनों पर प्राइवेट नंबर प्लेट लगाकर संचालन किया जा रहा है, जो स्पष्ट रूप से मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन है।

हैरानी की बात यह है कि परिवहन विभाग और यातायात पुलिस द्वारा प्रतिदिन अभियान चलाकर आम वाहन चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जाती है, लेकिन इस तरह के मामलों में अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। इससे विभागीय कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के वाहनों पर कार्रवाई न होना कहीं न कहीं मिलीभगत या लापरवाही की ओर इशारा करता है। वहीं, आम जनता में यह संदेश जा रहा है कि नियम सिर्फ आम लोगों के लिए हैं, जबकि कुछ वाहन मालिक बेखौफ होकर कानून का उल्लंघन कर रहे हैं।

अब देखना यह होगा कि परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा अपने ही जिले में चल रही इस अनियमितता पर कब संज्ञान लेते हैं और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ क्या कार्रवाई होती है।

You cannot copy content of this page