सिडकुल में पेशेवर जमानती गैंग का भंडाफोड़, ज्वालापुर का मास्टरमाइंड सरफराज अपने साथी संग गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -


खबर डोज, हरिद्वार। थाना सिडकुल पुलिस ने पेशेवर जमानती गैंग पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित सरगना सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से फर्जी जमानत के खेल में लिप्त गिरोह का पर्दाफाश हुआ है।

पुलिस के अनुसार इससे पूर्व 23 मार्च 2026 को CJM कोर्ट रोशनाबाद में जमानतियों की ओर से न्यायालय को गुमराह कर झूठा शपथपत्र प्रस्तुत करने के मामले में थाना सिडकुल में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में कमलेश, उज्ज्वल और नरेश को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पेशेवर जमानतियों की गहन जांच शुरू की। जांच के दौरान 26 मार्च 2026 को गैंग के कथित सरगना सरफराज और उसके साथी सतीश को गिरफ्तार किया गया।

ऐसे चलता था जमानत का खेल
विवेचना में सामने आया कि मास्टरमाइंड सरफराज, सतीश के साथ मिलकर न्यायालय में चल रहे एक मुकदमे (शैलेंद्र बनाम साक्षी) में फर्जी दस्तावेजों के जरिए जमानत दिलवाने का काम करता था। आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किए गए जमीन के कागजात वास्तव में किसी अन्य व्यक्ति के थे, जिसे इस बात की जानकारी तक नहीं थी कि उसकी जमीन के दस्तावेजों का दुरुपयोग किया जा रहा है।


आरोपियों ने झूठे साक्ष्य, गलत बयान और फर्जी शपथपत्र के माध्यम से न्यायालय को गुमराह कर जमानत प्राप्त की थी। पुलिस ने सरगना के कब्जे से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और पहले जेल भेजे गए आरोपियों के मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पुलिस ने सरफराज पुत्र उमरदराज निवासी मोहल्ला चौहानान कोतवाली ज्वालापुर और सतीश पुत्र यशपाल निवासी ग्राम बहादुरपुर थाना पथरी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही इस गैंग से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है।

You cannot copy content of this page