पढ़िये, कहाँ कटे मास्क का चालान काटने वालों के चालान
कोटद्वार। लगातार बढ़ते जा रहे कोरोना के प्रकोप के बाद नगर निगम कोटद्वार ने भी दो टीमें बनाकर मास्क न पहनने वालों के चालान काटने शुरू कर दिए हैं, लेकिन अभियान के तीसरे दिन ही मास्क का चालान काटने पर बबाल हो गया। गुरूवार को पदमपुर निवासी एक युवक ने नगर निगम कर्मचारियों पर आरोप लगाया कि कर्मचारी खुद तो नगर निगम में बिना मास्क के बैठे है और बाहर लोगों का मास्क न पहनने पर चालान किया जा रहा है। चालान कटने के बाद युवक ने नगर निगम कार्यालय पहुंचकर इसका विरोध किया। नगर आयुक्त ने मामले का संज्ञान लेकर कार्यालय में मास्क न पहनने वाले पांच कर्मचारियों के चालान काटे है।
नगर निगम कोटद्वार ने तीन दिन पूर्व दो टीमों का गठन कर मास्क न पहनने वालों के खिलाफ चालानी कार्यवाही शुरू की थी। इस टीम का गठन नगर निगम कोटद्वार के नगर आयुक्त पीएल शाह के नेतृत्व में किया गया था। जिसमें नगर निगम कर्मियों ने पिछले दो दिनों में 15 लोगों के मास्क न पहनने पर चालान भी काट दिए हैं। गुरूवार को नगर निगम कर्मियों ने जब चालानी कार्यवाही शुरू की तो उसका पदमपुर निवासी प्रदीप बिष्ट ने विरोध कर दिया। प्रदीप बिष्ट ने नगर निगम के चालान काटने वाले कर्मियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने उनका मास्क न पहनने पर जब चालान काटा, उस समय खुद नगर निगम कर्मियों ने मास्क नहीं पहना था। यह भी आरोप लगाया कि नगर निगम कार्यालय में कई कर्मचारी बिना मास्क के ही काम रहे हैं, उनका चालान क्यों नहीं काटा जा रहा है। इस संबंध में नगर निगम के नगर आयुक्त पीएल शाह का कहना है कि नियम सब के लिए बराबर है। चालान करने वाले पांच कर्मचारियों का मास्क न पहनने पर चालान काटा गया है। भविष्य में भी यदि कोई कर्मचारी बिना मास्क पहने कार्यालय में पाया गया तो उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें






हरिद्वार में अवैध प्लॉटिंग पर चला प्राधिकरण का बुलडोजर, कई निर्माण ध्वस्त, प्राधिकरण की कार्रवाई से मचा हड़कंप 

