रुड़की ब्रेकिंग: किशनपुर जमालपुर में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, जमकर पथराव, वीडियो वायरल

खबर डोज, रुड़की। रुड़की के भगवानपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत किशनपुर जमालपुर गांव में एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद ने मंगलवार को हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने के बाद जमकर पथराव हुआ, जिसमें एक महिला सहित तीन लोग घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि किशनपुर जमालपुर गांव में पिछले कुछ दिनों से दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर तनाव चल रहा था। मंगलवार को विवाद अचानक बढ़ गया और देखते ही देखते दोनों ओर से पत्थरबाजी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ लोग छतों पर चढ़कर दूसरे पक्ष पर पथराव कर रहे थे, जबकि नीचे गली में खड़े लोग भी जवाबी कार्रवाई कर रहे थे।
इस हिंसक झड़प में एक महिला सहित तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना का वीडियो पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति ने अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड किया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दोनों पक्ष एक-दूसरे पर पत्थर बरसा रहे हैं और माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण बना हुआ है।
मामले पर शेखर चंद्र सुयाल, एसपी देहात ने बताया कि यह विवाद एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच का है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, हालांकि पुलिस प्रशासन की निगरानी में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







