सड़क हादसे के बाद बवाल पर श्यामपुर पुलिस की कार्रवाई, पुलिस से अभद्रता और चौकी में तोड़फोड़ के मामले में पांच आरोपी लिए हिरासत में, देखिए वीडियो

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। थाना श्यामपुर क्षेत्र में सड़क दुर्घटना के बाद भड़के लोगों द्वारा कानून हाथ में लेने का मामला सामने आया है। पुलिस कर्मियों के साथ अभद्रता, राजकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और यातायात बाधित करने के आरोप में हरिद्वार पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि 50-60 अन्य अज्ञात लोगों की पहचान की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, 01 अप्रैल 2026 को चौकी चण्डीघाट क्षेत्र में हुई एक सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई थी। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर यातायात बाधित कर दिया। इसी दौरान कुछ उपद्रवियों ने पुलिस कर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए चौकी परिसर में तोड़फोड़ कर राजकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाया, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

इस मामले में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नवीन चौहान की तहरीर पर 02 अप्रैल 2026 को कोतवाली श्यामपुर में मुकदमा संख्या 39/26 के तहत सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम 1984 और क्रिमिनल लॉ अमेंडमेंट एक्ट की धारा 7 के अंतर्गत 10 नामजद और 50-60 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी श्यामपुर द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गईं। विवेचक उपनिरीक्षक संतोष सेमवाल (प्रभारी चौकी चण्डीघाट) के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को हिरासत में लिया।

हिरासत में लिए गए आरोपियों में सुबोध (54) निवासी खत्ताबस्ती चण्डीघाट, संदीप (22) निवासी ग्राम कांगड़ी श्यामपुर, सोनू उर्फ टुंडा (41) निवासी दीनदयाल पार्किंग रोड़ीबेलवाला, गोविन्द शाह (30) निवासी भीमगौड़ा खड़खड़ी (हाल निवासी गाजीवाली श्यामपुर) और रामबाबू उर्फ भूरा (45) निवासी दीनदयाल पार्किंग रोड़ीबेलवाला शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि अन्य अज्ञात उपद्रवियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि किसी भी स्थिति में कानून को हाथ में लेने की अनुमति नहीं है। किसी भी घटना या दुर्घटना की स्थिति में अपनी बात कानूनी तरीके से रखें, उपद्रव करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

You cannot copy content of this page