मोबाइल रिपेरिंग के साथ बना रहा था फर्जी दस्तावेज, सिडकुल पुलिस ने किया गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार के थाना सिडकुल क्षेत्र में चलाए जा रहे सत्यापन एवं सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी दस्तावेज बनाने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है।

पुलिस के अनुसार 22 फरवरी को सिडकुल थाना क्षेत्र में पिपलेश्वर मंदिर, रावली महदूद के पास स्थित एक मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान पर छापेमारी की गई। जांच के दौरान पाया गया कि दुकान की आड़ में एक युवक इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की मदद से फर्जी आधार कार्ड, फर्जी मार्कशीट और अन्य कूटरचित दस्तावेज तैयार कर रहा था।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम पुनीत कुमार पुत्र वेदपाल सिंह (उम्र 28 वर्ष) निवासी ग्राम कासमाबाद, पोस्ट बुढनपुर, थाना स्योहरा, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) बताया। वर्तमान में वह पिपलेश्वर मंदिर, रावली महदूद में रहकर मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान चला रहा था। आरोपी ने स्वीकार किया कि बाहरी राज्यों से सिडकुल में नौकरी करने आने वाले लोगों को उत्तराखंड के दस्तावेजों की आवश्यकता होती थी। वह आधार कार्ड में नाम-पता और उम्र में बदलाव कर प्रिंट निकालकर ग्राहकों को उपलब्ध कराता था।
दुकान की तलाशी में 4 आधार कार्ड (जिनमें 2 कूटरचित), 9 हाईस्कूल अंकतालिकाओं की कूटरचित प्रतियां, एक लैपटॉप, लैपटॉप चार्जर, कलर प्रिंटर-स्कैनर और कीबोर्ड बरामद किए गए। इस संबंध में थाना सिडकुल में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी से यह भी पता लगाया जा रहा है कि अब तक उसने कितने फर्जी दस्तावेज तैयार किए और किन-किन लोगों को उपलब्ध कराए। मामले में आगे की जांच जारी है।
कार्रवाई में थाना सिडकुल प्रभारी निरीक्षक नितेश शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक देवेंद्र तोमर, उपनिरीक्षक बबलू चौहान, अपर उपनिरीक्षक संजय चौहान सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में चलाया जा रहा सत्यापन अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

You cannot copy content of this page