SSP चौबे का सख्त रुख, टिहरी में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, बोलेरो पिकअप से 60 पेटी अवैध शराब बरामद, देखिए वीडियो

–ऑपरेशन प्रहार के तहत टिहरी पुलिस का बड़ा एक्शन
खबर डोज, टिहरी गढ़वाल। जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत टिहरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की खेप पकड़ी है।
ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत थाना मुनि की रेती पुलिस ने बोलेरो पिकअप वाहन से 60 पेटी चंडीगढ़ मार्का अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर प्रदेशभर में नशे के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद टिहरी गढ़वाल की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग के निर्देश दिए गए थे। कप्तान चौबे के निर्देशों के बाद पूरे जनपद में पुलिस अलर्ट मोड पर नजर आई और विभिन्न स्थानों पर चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया।
इसी अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर के पर्यवेक्षण में थाना मुनि की रेती पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौहान के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया। टीम को क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और वाहनों की सघन चेकिंग करने के निर्देश दिए गए थे।
बीती रात करीब 11:50 बजे गुलर पुल के पास पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक बोलेरो पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में बड़ी मात्रा में शराब की पेटियां लदी मिलीं। जब पुलिस ने पेटियों को खोलकर जांच की तो उसमें 60 पेटी चंडीगढ़ मार्का अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
बरामद शराब में 30 पेटी डिस्काउंट प्रीमियम व्हिस्की और 30 पेटी राजधानी व्हिस्की शामिल हैं। पुलिस के अनुसार इस अवैध शराब की कीमत करीब 50 हजार रुपये से अधिक आंकी जा रही है। इसके अलावा मौके से बोलेरो पिकअप वाहन (नंबर UP 11BT-5027) को भी कब्जे में ले लिया गया।
पुलिस ने मौके से वाहन चालक सोनू पुत्र नरपाल निवासी ग्राम रसूलपुर भनेड़ा, जिला बिजनौर (उम्र 22 वर्ष) और उसके साथी निपेंद्र पुत्र लोकेंद्र निवासी ग्राम मेमन, पोस्ट भनेड़ा, किरतपुर जिला बिजनौर (उम्र 22 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे यह शराब हरिद्वार के शिवालिक नगर क्षेत्र से किसी व्यक्ति के माध्यम से श्रीनगर ले जा रहे थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी सोनू का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2025 में पंचकुला सेक्टर-5 थाने में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। इससे यह स्पष्ट होता है कि आरोपी पहले भी अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त रहा है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध शराब के नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसका मुख्य सरगना कौन है। इस पूरी कार्रवाई में थाना मुनि की रेती पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने इस कार्रवाई को लेकर पुलिस टीम की सराहना की है। उन्होंने कहा कि जनपद में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार चेकिंग अभियान चलाते रहें और नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाएं।
टिहरी पुलिस की इस कार्रवाई से जहां अवैध शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम जनता ने भी पुलिस के इस कदम की सराहना की है। पुलिस का कहना है कि जनपद को नशा मुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौहान, उप निरीक्षक अशोक रावत (चौकी प्रभारी गुलर), हेड कांस्टेबल ओमप्रकाश और कांस्टेबल नरेश तोमर शामिल रहे, जिन्होंने मुस्तैदी से कार्रवाई को अंजाम दिया।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







