ग्राम बिनारसी प्रकरण में एसएसपी डोबाल की सख्त कार्रवाई, अब कोतवाली प्रभारी और एसएसआई लाइन हाजिर

ख़बर शेयर करें -


खबर डोज, हरिद्वार। रविदास जयंती के उपरांत ग्राम बिनारसी में हुए गंभीर विवाद और उसमें दो व्यक्तियों की मृत्यु के मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने थाना भगवानपुर के प्रभारी निरीक्षक सूर्य भूषण नेगी और वरिष्ठ उप निरीक्षक (एसएसआई) रमेश सैनी को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर करने के आदेश जारी किए हैं।
बताया जा रहा है कि ग्राम बिनारसी में रविदास जयंती के बाद दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक हो गया था, जिसमें फायरिंग और झड़प के दौरान दो लोगों की जान चली गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। मामले की समीक्षा के दौरान पुलिस की कार्यशैली और घटना से पूर्व व घटना के दौरान की गई कार्रवाई में गंभीर लापरवाही सामने आई।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने प्रथम दृष्टया लापरवाही को देखते हुए थाना भगवानपुर के प्रभारी निरीक्षक और वरिष्ठ उप निरीक्षक को लाइनहाजिर करते हुए तत्काल पुलिस लाइन में आमद कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश भी दिए गए हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि किस स्तर पर चूक हुई और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों की भूमिका क्या रही।
एसएसपी ने साफ शब्दों में कहा है कि कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनता की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें कोताही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं, प्रशासन ने क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखी है। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

You cannot copy content of this page