नहर पटरी पर मिले युवक के शव का खुलासा, दोस्त ने ही पत्थर से कुचलकर की थी हत्या, एसएसपी ने किया खुलासा

ख़बर शेयर करें -


खबर डोज, हरिद्वार। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में नहर पटरी पीर के पास मिले युवक के शव के ब्लाइंड मर्डर का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। शराब की तलाश में हुई दोस्ती ने पैसों के लालच में हत्या का रूप ले लिया।

एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह ने पत्रकार वार्ता के दौरान पूरे घटनाक्रम का राजफाश करते हुए बताया कि आरोपी ने शराब पार्टी के दौरान ही अपने नए दोस्त की गला दबाकर और पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी थी।
घटना 17 फरवरी 2026 की है, जब पुराने पीर के पास मंगलौर नहर पटरी मार्ग पर एक युवक का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। कोतवाली मंगलौर पुलिस मौके पर पहुंची तो शव के सिर पर गहरे घाव और पत्थर से कुचले जाने के निशान पाए गए। मृतक की पहचान घोसीपुरा, मंगलौर निवासी प्रदीप के रूप में हुई। मृतक के चचेरे भाई की तहरीर पर कोतवाली मंगलौर में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 110/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर कोतवाली मंगलौर पुलिस और सीआईयू रुड़की की संयुक्त टीम गठित की गई। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड ने घटनास्थल के आसपास से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी और संदिग्ध आवाजाही की पड़ताल की तो पता चला कि घटना वाले दिन सुबह मृतक एक अन्य युवक के साथ मोटरसाइकिल पर नहर की ओर जाता दिखाई दिया था।
मैनुअल इनपुट और मुखबिर तंत्र के आधार पर पुलिस टीम देवबंद तिराहे के पास संदिग्ध हुलिए से मिलते-जुलते युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी विनायक त्यागी (26 वर्ष), निवासी बरला थाना छपार, जिला मुजफ्फरनगर, हाल निवासी सराय ज्वालापुर, हरिद्वार, 17 फरवरी को अपने घर जाने के लिए रुड़की में इंतजार कर रहा था। इसी दौरान शराब पीने की इच्छा होने पर वह बस अड्डे के पास स्थित देशी शराब के ठेके पर पहुंचा, जहां उसकी मुलाकात प्रदीप से हुई। ठेका बंद होने पर दोनों रामपुर चुंगी स्थित दूसरे ठेके पर गए और शराब खरीदी।
इसके बाद दोनों मंगलौर की ओर नहर पटरी स्थित पीर के पास बाग में बैठकर शराब पीने लगे। बातचीत के दौरान आरोपी को पता चला कि प्रदीप के पास 20 हजार रुपये हैं। पैसों की तंगी और लालच में आकर आरोपी ने पहले नशे में धुत प्रदीप का गला दबाया और फिर पास पड़े पत्थर से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद वह मृतक की जेब से 20 हजार रुपये लेकर फरार हो गया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पत्थर, खून से सनी जैकेट और लूटी गई 20 हजार रुपये की नकदी बरामद कर ली है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस मामले के खुलासे में प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह, उपनिरीक्षक मनोज गैरोला, प्रवीण बिष्ट, अशोक सिरसवाल, एएसआई श्यामबाबू सहित कोतवाली मंगलौर व सीआईयू रुड़की की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी नवनीत सिंह ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अपराधियों के लिए कोई स्थान नहीं है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

You cannot copy content of this page