तबादला आदेशों पर सख्ती: 15 अप्रैल तक सभी कार्मिकों को कार्यमुक्त करने के निर्देश, पहले भी फाइलों में सिमट कर रह गए थे यह सख्त निर्देश

खबर डोज, देहरादून। उत्तराखंड पुलिस में तबादला आदेशों के अनुपालन को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है। गढ़वाल परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (IG) राजीव स्वरूप की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वर्ष 2024, 2025 और 28 मार्च 2026 तक किए गए स्थानांतरण आदेशों का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए। उधर, सूत्रों के मुताबिक इस तरह के आदेश पूर्व में भी रेंज कार्यालय की ओर से जारी किए जा चुके हैं, जो कि आज भी फाइलों में सिमटे हुए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, 31 मार्च 2026 को पुलिस महानिदेशक की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में यह पाया गया कि कई मामलों में तबादला आदेशों का शत-प्रतिशत अनुपालन नहीं किया गया है, जिस पर कड़ी आपत्ति जताई गई। इसके बाद परिक्षेत्रीय कार्यालय ने वर्ष 2024 और 2025 की सूची में क्रमांक 01 से 26 और वर्ष 2026 की द्वितीय सूची में क्रमांक 01 से 21 तक शामिल कार्मिकों को उनके स्थानांतरित जनपदों में कार्यमुक्त किए जाने के निर्देश दिए हैं।
इन सभी कार्मिकों को 15 अप्रैल 2026 तक अनिवार्य रूप से रिलीव करने की समयसीमा तय की गई है। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि तय तिथि पर कर्मचारियों को कार्यमुक्त कर अनुपालन रिपोर्ट कार्यालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
आदेश में यह भी कहा गया है कि यदि किसी कार्मिक को रोकना अत्यंत आवश्यक हो, तो उसका स्पष्ट औचित्य बताते हुए प्रस्ताव उच्चाधिकारियों को भेजा जाए।
इस आदेश की प्रतिलिपि पुलिस मुख्यालय सहित गढ़वाल परिक्षेत्र के सभी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों और पुलिस अधीक्षकों को भेज दी गई है, ताकि निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जा सके।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







