हरिद्वार में “सुरक्षित साथी” पहल का सफल आयोजन, 500 प्रतिभागियों को मिला सड़क सुरक्षा व आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रशिक्षण, देखिए वीडियो

खबर डोज, हरिद्वार। परिवहन विभाग उत्तराखण्ड की ओर से सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “सुरक्षित साथी सड़क सुरक्षा एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रशिक्षण कार्यक्रम” का सफल आयोजन हरिद्वार में किया गया। यह कार्यक्रम Hero MotoCorp के CSR अभियान राइड सेफ इंडिया के अंतर्गत उप क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (एआरटीओ) हरिद्वार के सहयोग से एक होटल में आयोजित हुआ।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं के दौरान “गोल्डन ऑवर” में समय पर दी गई सहायता कई लोगों की जान बचा सकती है। उन्होंने ऐसे कार्यक्रमों को समाज में जागरूकता बढ़ाने के लिए अत्यंत आवश्यक बताया।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य डिलीवरी पार्टनर्स, ड्राइवरों एवं अन्य गिग वर्कर्स जैसे उच्च जोखिम वाले सड़क उपयोगकर्ताओं को सुरक्षित वाहन संचालन, यातायात नियमों के पालन तथा दुर्घटना के समय त्वरित सहायता प्रदान करने के लिए प्रशिक्षित करना रहा। कार्यक्रम में लगभग 500 प्रतिभागियों को जिम्मेदार ड्राइविंग, सड़क सुरक्षा नियमों, “गोल्डन ऑवर” के महत्व तथा प्राथमिक उपचार की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान दो तकनीकी सत्र आयोजित किए गए, जिनमें विशेषज्ञों द्वारा व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रदीप बत्रा द्वारा प्रतिभागियों को “सुरक्षित साथी” सेफ्टी किट एवं हेलमेट वितरित किए गए, जिससे सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता को और सुदृढ़ किया जा सके।
कार्यक्रम का समापन संयुक्त परिवहन आयुक्त राजीव मेहरा द्वारा किया गया। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम न केवल सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं, बल्कि एक जिम्मेदार एवं सजग समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से अपील की कि वे प्राप्त ज्ञान को अपने व्यवहार में लागू करें तथा अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
अंत में प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इस पहल के तहत प्रशिक्षित प्रतिभागी अब “सुरक्षित साथी” के रूप में सड़क पर अपनी और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए प्रदेश में सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों में आरटीओ प्रशासन देहरादून के संदीप सैनी, आरटीओ प्रवर्तन की डॉ. अनीता चमोला, अपर जिलाधिकारी हरिद्वार फिंचा राम चौहान, सीओ ट्रैफिक विपेंद्र, प्लांट एचआर हेड पंकज भट्ट एवं प्लांट हेड सुनील कुमार शामिल रहे। कार्यक्रम के सफल संचालन में एआरटीओ (प्रशासन) हरिद्वार निखिल शर्मा, एआरटीओ (प्रवर्तन) हरिद्वार नेहा झा, एआरटीओ (प्रशासन) रुड़की जितेन्द्र चन्द एवं एआरटीओ (प्रवर्तन) रुड़की कृष्णा पलारिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही। साथ ही Hero MotoCorp की CSR प्रमुख सोनिका चोपड़ा भी इस पहल में सक्रिय रूप से जुड़ी रहीं।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







