त्योहारों में संभल कर खरीदे मिठाई! फूड डिपार्टमेंट गहरी नींद में, डीएम साहिबा कोटद्वार के नामी होटलों में कब होगी फूड सैंपलिंग?

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, कोटद्वार। त्योहारी सीजन नजदीक आते ही बाजारों में मिठाइयों, खाद्य पदार्थों और खाने-पीने की वस्तुओं की मांग बढ़ने लगी है। ऐसे में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने और आम जनता को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी खाद्य सुरक्षा विभाग की है। लेकिन कोटद्वार शहर के नामी होटलों और रेस्टोरेंट में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए विभाग कब सक्रिय होगा, यह सवाल उठने लगा है।

डीएम साहिबा, आखिर कब होगी बड़े होटलों और रेस्टोरेंट में सैंपलिंग?

जनपद पौड़ी गढ़वाल के कोटद्वार शहर में कई नामी होटल, रेस्टोरेंट और मिठाइयों की दुकानें हैं, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग भोजन और अन्य खाद्य पदार्थों का सेवन करते हैं। त्योहारी सीजन में इन प्रतिष्ठानों पर ग्राहकों की भीड़ और खाद्य पदार्थों की खपत बढ़ना स्वाभाविक है। ऐसे में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और मिलावट की जांच बेहद जरूरी हो जाती है।

सवाल यह है कि खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से शहर के बड़े होटलों और रेस्टोरेंट में नियमित रूप से सैंपलिंग की जा रही है या फिर विभाग त्योहारों के ठीक पहले ही औपचारिक कार्रवाई कर अपनी जिम्मेदारी पूरी करेगा? यदि समय रहते जांच और निगरानी की जाए तो मिलावट की आशंका वाले खाद्य पदार्थों की पहचान कर उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की रक्षा की जा सकती है।

क्या त्योहारों के दौरान ही जागेगा विभाग?

हर साल त्योहारों के आसपास खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी और सैंपलिंग की खबरें सामने आती हैं। ऐसे में यह भी जरूरी है कि कार्रवाई केवल मिठाई की दुकानों तक सीमित न रहे, बल्कि बड़े होटलों, रेस्टोरेंट, बेकरी और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों को भी जांच के दायरे में लिया जाए।

जिलाधिकारी पौड़ी गढ़वाल स्वाति भदौरिया से अपेक्षा है कि वह खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्यप्रणाली की समीक्षा कर कोटद्वार में नियमित निरीक्षण और सैंपलिंग सुनिश्चित कराने के निर्देश दें। साथ ही, जांच में नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरने की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

अब देखना होगा कि त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा विभाग समय रहते अपनी जिम्मेदारी निभाता है या फिर सैंपलिंग की कार्रवाई त्योहारों के आसपास ही शुरू होती है।

You cannot copy content of this page