टिहरी पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’, 16 पेटी अंग्रेजी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, टिहरी गढ़वाल। अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ टिहरी पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’ लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता चौबे के निर्देशन में लम्बगांव पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 16 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही DATSUN GO कार को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

पुलिस मुख्यालय देहरादून के निर्देश पर जनपद में अवैध मादक पदार्थों, नशीले पदार्थों, अवैध शराब, जुआ-सट्टा सहित अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसएसपी श्वेता चौबे ने जनपद के सभी थाना और कोतवाली प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग करने तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

इसी क्रम में थानाध्यक्ष लम्बगांव के निर्देश पर पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। 03 सितंबर 2026 को चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने एक DATSUN GO कार को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी लेने पर कार के अंदर से कुल 16 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

पुलिस ने मौके से वाहन चालक नीरज पुत्र ओमपाल, निवासी MT-288, कोटी कॉलोनी, नई टिहरी, जनपद टिहरी गढ़वाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शराब के परिवहन में प्रयुक्त DATSUN GO कार को भी जब्त कर लिया।

बरामद शराब के संबंध में आरोपी के खिलाफ थाना लम्बगांव में मुकदमा अपराध संख्या 20/2026 के तहत धारा 60/72 आबकारी अधिनियम में अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक जगजीत सिंह, अपर उपनिरीक्षक आनंद सिंह और हेड कांस्टेबल हर्षपाल सिंह शामिल रहे।

टिहरी पुलिस का कहना है कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ पुलिस द्वारा कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

You cannot copy content of this page