साइबर सेल पौड़ी ने ठगी की शिकार महिला के खाते में लौटाई ठगी गई इतनी धनराशि

ख़बर शेयर करें -


कोटद्वार। वर्तमान समय में साइबर के बढ़ते अपराधों को लेकर लगातार पौड़ी गढ़वाल पुलिस लोगों को जागरूकता अभियान चलाकर जागरूक कर रही है, लेकिन इसके बाद भी साइबर अपराधों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। साइबर ठगी की शिकार हुई एक महिला को साइबर सेल पुलिस ने कुछ धनराशि खाते में वापिस दिलवाई है। पीड़ित महिला ने साइबर सेल पुलिस का आभार जताया है।
साइबर सेल प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि एसएसपी पौड़ी के दिशा-निर्देशन में जनपद में होने वाले साइबर संबंधी अपराधों पर तत्काल कार्यवाही करने को निर्देशित किया गया है। जिसके क्रम में आम जनता की ओर से साइबर ठगी का शिकार होने पर सूचना साइबर सेल को दी जा रही है। बताया कि संगलिया थाना धुमाकोट निवासी एक महिला के खाते से साइबर ठगों ने 66 हजार 980 रूपये की ठगी कर ली थी। जिस पर साइबर सेल पुलिस ने तत्काल कार्यवाही करते हुए महिला के खाते से उड़ी धनराशि में 37 हजार 790 रूपये खाते में वापिस कराये हैं। शेष धनराशि के संबंध में पत्राचार जारी है। उन्होंने क्षेत्रीय जनता से अपील करते हुए कहा कि किसी अज्ञात व्यक्ति के कॉल और मैसेज से सावधान रहे, किसी को अपना पासवर्ड, ओटीपी और सीवीवी शेयर न करें। अंजान लिंक, ऑनलाइन जॉब ऑफर से संबंधित लिंक पर क्लिक न करें। कहा कि स्वयं भी इसके प्रति जागरूक हो और अपने आसपास के व्यक्तियों को भी जागरूक करें। यदि कोई भी व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है, तो वह अपनी नजदीकी कोतवाली या फिर साइबर सेल पौड़ी को इसकी सूचना दें।

You cannot copy content of this page