साइबर सेल पुलिस कोटद्वार ने ठगी के शिकार पीड़ित व्यक्ति के खाते में लौटाई ठगी हुई धनराशि

ख़बर शेयर करें -


कोटद्वार। पौड़ी गढ़वाल की साइबर सेल पुलिस ठगी के शिकार व्यक्ति को मदद करने में पीछे नहीं हट रही है। अब तक ठगी का शिकार हुए कई पीड़ितों को उनकी धनराशि खाते वापस लौटाई है। इसी क्रम में साइबर सेल की कोटद्वार टीम ने लालपुर निवासी व्यक्ति के खाते से ठगी गई हजारों रूपये की धनराशि खाते में वापस दिलवाई है। पीड़ित ने खाते में धनराशि आने के बाद मित्र पुलिस का धन्यवाद ज्ञापित किया है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह बिष्ट और सीआईयू प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि वर्तमान समय में लगातार हो रहे साइबर अपराधों की रोकथाम एवं तत्काल कार्यवाही के लिए एसएसपी पौड़ी पी रेणुका देवी की ओर से निर्देशित किया गया है। जिसके क्रम में लगातार आम जनता को साइबर अपराधों से बचने के लिए जागरूक किया जा रहा है। साथ ही ठगी का शिकार हुए पीड़ितों की धनराशि वापस दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। साइबर संबंधी कई मामलों में अभी तक साइबर सेल टीम को सफलता मिल चुकी है। बताया कि लालपुर निवासी गोविंद प्रसाद कंडवाल ने 4 मई को साइबर सेल कार्यालय कोटद्वार में शिकायत दी थी। जिसमें गोविंद कंडवाल ने बताया कि उनके खाते से लगभग 57 हजार 983 रूपये निकाल लिये हैं। जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी। जिसमें आज साइबर सेल पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस टीम ने पीड़ित के खाते में पूरी धनराशि वापस दिलवाई है। सीआईयू प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि अंजान लिंक, ऑनलाइन जॉब ऑफर से संबंधित लिंक पर क्लिक न करें। अंजान व्यक्ति को अपना ओटीपी एवं बैंक संबंधी कोई भी जानकारी न दें। आसपास के लोगों को भी इस संबंध में जागरूक करें। पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह बिष्ट, सीआईयू प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह, उपनिरीक्षक विकसित पंवार, कांस्टेबल कैलाश शाह, अरविंद राय शामिल थे। 

You cannot copy content of this page