दरोगा को गोली मारने के आरोपी हिस्ट्रीशीटर ने थाने में घुसकर थानाध्यक्ष को पहनाई माला, चार्ज लेते ही छीन गई कुर्सी

ख़बर शेयर करें -


सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होने के बाद छिन गई कुर्सी

आगरा। आगरा में चार्ज लेते दरोगा की कुर्सी छिन गई। वजह इतनी है कि हिस्ट्रीशीटर ने थाने में घुसकर दरोगा का स्वागत किया। उन्हें माला पहनाई और मुस्कुराते हुए फोटो खिंचवाई। हिस्ट्रीशीटर ने फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी। फोटो देखते ही कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ ने तत्काल कार्रवाई की। उन्होंने थानाध्यक्ष मोहित शर्मा को लाइन हाजिर कर दिया। पूरा मामला निबोहरा थाने का है।

हिस्ट्रीशीटर लोकेंद्र उर्फ लुक्का शाहवेद निबोहरा गांव का रहने वाला है। उसके खिलाफ आगरा के कई थानों में केस दर्ज है। उसने 2017 में राजाखेड़ा थाने में तैनात दरोगा टीनू सोगरवाल को भी गोली मार दी थी। दरोगा को जुए की सूचना मिली थी। इस पर दरोगा छापेमारी करने पहुंचीं। लुक्का ने 2 साथियों के साथ मिलकर दरोगा पर फायरिंग कर दी। गर्दन पर गोली लगने से दरोगा घायल हो गईं। इसके बावजूद हार नहीं मानी। उन्होंने साहस दिखाते हुए बदमाश प्रवेंद्र कुमार और लोकेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट ने अप्रैल, 2024 में दोनों को 10-10 साल की सजा सुनाई। लोकेंद्र जमानत पर अभी बाहर है। एसओ मोहित शर्मा के मुताबिक थाने में पहुंचते ही कई लोग उनसे मिलने आए थे। उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि इनमें से एक हिस्ट्रीशीटर है।

You cannot copy content of this page