कोटद्वार की यातायात व्यवस्था को सुचारू करने को तैयार है यातायात पुलिस, नगर निगम से नही मिल रहा सहयोग
कोटद्वार। पौड़ी गढ़वाल के कोटद्वार शहर में काफी लंबे समय से बेलगाम यातायात व्यवस्था को सुचारू करने का प्रयास कोटद्वार की यातायात पुलिस कर रही है, लेकिन नगर निगम कोटद्वार का यातायात पुलिस को किसी भी प्रकार का सहयोग नहीं मिल पा रहा है। जिससे यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के लिए यातायात पुलिस को काफी परेशानियां झेलनी पड़ रही है।
दरअसल, कोटद्वार यातायात पुलिस ने नगर की यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग से अनुमति लेकर नगर निगम कोटद्वार कार्यालय के पास झंडाचौक तक एक ट्रायल प्लान लागू किया था। प्लान के मुताबिक दोपाहिया वाहन चालकों को वाहन रोड किनारे नहीं बल्कि सड़क के बीचों-बीच खड़ा करना था। प्लान की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय जनता ने यातायात पुलिस का सहयोग करते हुए वाहनों को बीच में खड़ा करना शुरू कर दिया है। प्लान लागू करने से पूर्व सड़क के बीचों-बीच वाहन खड़ा करने के लिए सफेद पट्टी भी बनाई गई और हर 10वें दोपाहिया वाहन के बीच 5-5 फीट स्थान भी छोड़ा गया था। जिससे कुछ हद तक पुलिस तक ट्रायल प्लान कामयाब भी रहा। इस प्लान की सभी लोगों ने सराहना भी की है। इन सब बातों में सबसे बड़ी बात यह देखी गई कि नगर निगम कार्यालय के बाहर मुख्य मार्ग पर मालवीय उद्यान के पास दोनों ओर नगर निगम के खड़े वाहन यातायात पुलिस के लिए सिर का दर्द बने हुए हैं। जबकि नगर निगम अपने वाहन अपने परिसर में खड़े किये जा सकते हैं, लेकिन उसके बाद भी परिसर में वाहन नहीं खड़े किये जाते हैं। क्योंकि सुबह से ही नगर निगम में अपनी समस्याओं को लेकर लोगों की आवाजाही शुरू हो जाती है। जहां वाहनों की भीड़ लग जाती है। इस संबंध में नगर निगम कोटद्वार के नगर आयुक्त पीएल शाह का कहना है कि मालवीय उद्यान के बाहर खड़े वाहनों को मालवीय उद्यान परिसर में खड़े करने के लिए कर्मचारियों को निर्देशित किया जायेगा। निगम का कोई भी वाहन सड़क पर खड़ा नहीं रहेगा।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें